नई दिल्ली। 10 साल बाद अपने देश में इंटरनेशल क्रिकेट होने की उम्मीद कर रहे पाकिस्तान को श्रीलंका टीम ने एक बड़ी उम्मीद की किरण दी है। हालांकि यह उसकी दोयम दर्जे की टीम है क्योंकि इंटरनेशनल टीम के 10 प्रमुख खिलाड़ियों ने पहले ही सुरक्षा के चलते पाकिस्तान आने से इंकार कर दिया था। इसके बावजूद पाकिस्तान की उम्मीदों पर तब पानी फिर गया जब दोनों टीमों के बीच प्रस्तावित 27 सितंबर को होने वाला वनडे मैच बारिश के चलते धुल गया। मैच कराची में खेला जाना था, जहां बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके इस मैच को रद्द कर दिया गया।
सीरीज के बाकी दो मैच भी इसी मैदान पर होने हैं। ऐसे में पीसीबी ने तय किया था कि अब सीरीज का अगला मैच 29 सितंबर (रविवार) की जगह पर 30 सितंबर को खेला जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है जिससे की मैदानकर्मियों पर पानी सुखाने और मरम्मत करने के लिए एक अतिरिक्त दिन मिल सके। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले पर क्रिकेट की सर्वाच्च संस्था आईसीसी भी चुटकी लेने से पीछे नहीं रही है।
दूसरा वनडे मैच तय समय से आगे बढ़ाने पर आईसीसी ने पाकिस्तान के मजे लेते हुए एक मजेदार ट्वीट किया है। इस ट्वीट में आईसीसी ने कहा है कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रविवार 29 सितंबर को खेले जाने वाले मैच को बारिश के कारण सोमवार 30 सितंबर के लिए टाल दिया गया। बारिश के कारण सीरीज का पहला मैच भी धुल गया था। इसके बाद आईसीसी ने कहा- 'क्या आपने कभी इतनी भारी बारिश के बारे में सुना है जिसने दो दिन पहले ही मैच को धो दिया हो?'
The second ODI between Pakistan and Sri Lanka at Karachi has been rescheduled from Sunday 29 September to Monday 30 September due to the rain which washed out the first ODI.
— ICC (@ICC) September 28, 2019
Have you ever heard of rain so heavy it washes out a game two days away?!https://t.co/ZTIhgcJc1O
इससे पहले मैच रिशेड्युल करने की जानकारी पीसीबी ने बयान जारी करके दी थी जिसके अनुसार- 'यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि मैदानकर्मियों को अगले हफ्ते के खेल के लिए मैदान तैयार करने का समय मिल सके क्योंकि इस सप्ताह काफी बारिश हुई है जिस कारण आउटफील्ड गीली है। मैदानकर्मियों को इसके लिए कम से कम दो दिन का समय चाहिए।' बता दें कि सीरीज का अंतिम मैच तय शेड्युल के मुताबिक 2 अक्टूबर को ही खेला जाएगा।