नई दिल्ली। दुनियाभर में क्रिकेट फैंस को लेकर आईसीसी ने बड़ा सर्वे कराया है जिसमें कई चौंकाने वाला आंकड़े सामने आए हैं। आईसीसी के सर्वे के मुताबिक दुनिया भर में क्रिकेट के एक अरब से अधिक फैंस हैं और इनमें से 92 फीसदी इसके सबसे लोकप्रिय फॉरमेट टी-20 को पसंद करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा कराए गए एक वैश्विक सर्वेक्षण में इसका खुलासा हुआ है।
सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा ये रहा कि क्रिकेट के एक अरब फैंस में से 90 प्रतिशत अकेले भारतीय उपमहाद्वीप से हैं। ईसीसी के इस सर्वे के मुताबिक एक तरफ जहां दुनिया भर में क्रिकेट के एक अरब से अधिक फैन हैं, वहीं इनमें से 90 फीसदी भारतीय उपमहाद्वीप (भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका) से आते हैं।
आईसीसी ने यह सर्वे यह पता लगाने के लिए कराया है कि क्रिकेट का विकास किस तरह से हो रहा है। इसके माध्यम से आईसीसी को इस खेल के वैश्विक विकास के लिए आगे की रणनीति पर काम करने में मदद मिलेगी। सर्वे 12 सदस्य देशों के अलावा चीन और अमेरिका में भी किया गया है। इसके अनुसार क्रिकेट को चाहने वाले फैंस 16 से 69 साल की आयु वर्ग के हैं और दुनिया भर में क्रिकेट को चाहने वालों की औसत उम्र 34 साल है।
Did you know that cricket played a role in the opening ceremony of the 2012 London games?
— ICC (@ICC) June 27, 2018
According to our research, 87% of fans want T20 cricket to become an Olympic sport!
Would you like to see cricket at the @Olympics? pic.twitter.com/uW6a5ywOBL
हालांकि भले ही लोग आज समय की बचत को देखते हुए टी20 को सबसे ज्यादा पसंद करते हों लेकिन टी-20 के बाद करीब 88 प्रतिशत लोगों की वनडे में भी रूचि है। वहीं करीब 87 प्रतिशत लोगों का यह मानना है कि टी-20 प्रारूप को ओलिंपिक खेलों में शामिल किया जाना चाहिए। 95 प्रतिशत लोग अभी भी 50 ओवर के विश्व कप और टी-20 विश्व कप को पसंद कर रहे हैं।
हालांकि अपने वजूद से संघर्ष करता क्रिकेट का सबसे पुराना फॉर्मट टेस्ट, को भी लोग पसंद करते हैं। ऐसा माना जाने लगा है कि टी-20 के आने से टेस्ट क्रिकेट खत्म होता जा रहा है लेकिन इस सर्वे के बाद यह धारणा गलत साबित हुई है। सर्वे में शामिल 19000 से अधिक लोगों में से करीब 70 प्रतिशत (16 से 69 उम्र की आयु वाले) टेस्ट क्रिकेट को पसंद करते हैं। शोध में बताया गया है कि 68 प्रतिशत प्रशंसक महिला क्रिकेट देखने में रूचि रखते हैं, जबकि 65 प्रतिशत महिला विश्व कप में रूचि लेते हैं। इसके अलावा करीब 70 प्रतिशत प्रशंसक चाहते हैं कि महिला क्रिकेट का ज्यादा से ज्यादा प्रसारण हो।