नई दिल्लीः भारत को चेन्नई टेस्ट में बुरी तरह से हराने के बाद इंग्लैंड की टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में खेलने के लिए और मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। न्यूजीलैंड पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है। चेन्नई टेस्ट से पहले तक भारतीय टीम इस अंक तालिका में टॉप पर थी लेकिन अब इंग्लिश टीम ने नंबर एक स्लॉट पर कब्जा जमा दिया है।
इंग्लैंड के कुल पीसीटी प्रतिशत 70.2 हो गए हैं और उसके कुल अंक अब 442 हो गए हैं। दूसरी और भारत को जबरदस्त नुकसान हुआ है और वह सीधे नंबर एक से चौथे स्थान पर लुढ़क गया है। भारत के पीसीटी प्रतिशत अब केवल 68.3 हैं और उसके अंक 430 हैं। अंकों के आधार पर भारत अभी भी दूसरी बेस्ट टीम हैं लेकिन पीसीटी के आधार पर भारत न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया से भी पिछड़ गया है।
न्यूजीलैंड अब 70 प्रतिशत पीसीटी के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया जबकि 69.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। यह भारत के लिए अजीब स्थिति है क्योंकि किसी ने यह कल्पना नहीं की थी कि ऑस्ट्रेलिया से सिर ऊंचा करके आने के बाद यह टीम अपने घर में ऐसी फजीहत करा देगी।
अब भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए अगले तीन में से दो टेस्ट मैच किसी भी हाल में जीतने होंगे। अगर इंग्लैंड की टीम अगले तीन में से दो टेस्ट जीत लेती है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगी।
आइए देखते हैं अब फाइनल में पहुंचने के लिए भारत, इग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के पास क्या चांस हैं-
अगर भारत को पहुंचना है तो उसे इंग्लैंड को 2-0, 2-1, 3-0, 3-1 या 4-0 से हराना होगा।
अगर इंग्लैंड को पहुंचना है तो उसको भारत को मौजूद सीरीज में 3-0, 3-1 या 4-0 से हराना होगा।
अगर ऑस्ट्रेलिया को पहुंचना है तो भारत और इंग्लैंड की सीरीज को 0-0, 1-1 या फिर 2-2 से ड्रा होना होगा। या फिर इंग्लैंड की टीम भारत को 1-0, 2-1 या 2-0 से हरा दे तब भी कंगारू टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।