
भारत ने की खराब शुरुआत, 13 गेंद बाद खुला खाता
बांग्लादेश ने यहां सेनवेस पार्क पर जारी आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में रविवार को भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम के लिये दिव्यांश सक्सेना और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की। भारतीय पारी की शुरुआत काफी धीमी रही। भारतीय पारी का खाता खोलने में 13 गेंद लग गई। मुराद की जगह बांग्लादेश की टीम में आज शामिल किये गये अविषेक दास ने भारत को दिव्यांश के रूप में 9 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका दिया।

जायसवाल-तिलक वर्मा ने संभाली पारी
भारत के लिये यहां से यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और ध्यान से आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिये 94 रनों की साझेदारी हुई। जायसवाल ने 121 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 88 रन बनाये जबकि तिलक वर्मा ने 65 गेंद में 3 चौके की मदद से 38 रन बनाये।
इसके बाद से सभी भारतीय बल्लेबाज पारी को ज्यादा आगे बढ़ा नहीं सके और 74 रन के अंदर 8 विकेट खो दिये। बांग्लादेश के लिये अविषेक दास ने 3 विकेट हासिल किये, जबकि शोरिफुल इस्लाम और तंजीम ने 2-2 विकेट चटकाये।

भारत को जीत के लिये गेंदबाजों पर दारोमदार
भारतीय टीम की नजरें रिकॉर्ड पांचवीं बार इस खिताब को जीतने पर लगी हुई हैं, जबकि बांग्लादेश पहली बार फाइनल खेल रही है। भारत ने इस मैच में अपने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। अब ऐसे में भारतीय टीम को जीत हासिल करनी है तो उसके गेंदबाजों को उसे जल्दी विकेट निकाल कर देना होगा।
वैसे भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पहले भी यह कारनामा कर चुकी है। भारतीय टीम ने 192 रनों का बचाव करते हुए कीवी टीम को महज 147 रन पर ढेर कर दिया था।

ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
टीमें :
भारत : यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), सिद्धेश वीर, अथर्व अंकोलेकर, रवि बिश्नोई, शाश्चत रावत, कार्तिक त्यागी, आकाश सिंह।
बांग्लादेश : परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन, महमूदुल हसन जॉय, तौहीद ह्रदोय, शहादत हुसैन, अभिषेक दास, अकबर अली (कप्तान एवं विकेटकीपर), शमीम हुसैन, रकीबुल हसन, शोरिफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब।


Click it and Unblock the Notifications
