दुबई। टीम इंडिया के फैंस के लिए एक खुशखबरी है और वो यह है कि विराट कोहली को को अगले साल आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में संयुक्त रूप से होने वाले विश्व कप का ऐम्बेसडर नियुक्त किया गया।
विराट कोहली, जो कि इन दिनो कैप्टन महेन्द्र सिंह धोनी की अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी कर रहे हैं, के बारे में यह ऐलान गुरूवार को आईसीसी ने किया है। आईसीसी ने कोहली के अलावा आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन और शेन वॉटसन, न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम और श्रीलंका के कुमार संगकारा को भी विश्व कप-2015 का ऐम्बेसडर नियुक्त किया है।
हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय में सबसे तेज 6,000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाने वाले कोहली विश्व कप-2011 में भी भारतीय टीम के सदस्य थे। खुद को चुने जाने पर कोहली ने कहा, "विश्व कप के लिए ऐम्बेसडर चुना जाना मेरे लिए गर्व की बात है। मुझे यह सम्मान देने के लिए मैं आईसीसी का आभार व्यक्त करता हूं। एक क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर मैं इस खेल को पूरी दुनिया में प्रचारित करने की कोशिश करूंगा।"
विश्व कप अगले साल 14 फरवरी से शुरू होना है। विश्व कप का पहला मैच न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इसी दिन मेलबर्न में आस्ट्रेलिया भी इंग्लैंड से भिड़ेगा। पूरे टूर्नामेंट में 14 स्थानों पर कुल 49 मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला मेलबर्न में आयोजित होगा।
फिलहाल तो श्रीलंका के साथ जारी पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के आखिरी दो मैचों के लिए भी विराट कोहली को ही भारतीय टीम की कमान सौंप दी गई। यही नहीं कोहली को अगले महीने होने वाले आस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट मैच के लिए भी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। मालूम हो कि धोनी के दाहिने हाथ में चोट लगी है लेकिन वह आस्ट्रेलिया के साथ दूसरे टेस्ट से टीम का हिस्सा बनेंगे।