ICC World Cup 2019: विश्व कप के बाद बड़े बदलाव के मूड में है पाकिस्तान क्रिकेट
नई दिल्ली। विश्व कप शुरू होने से पहले ही पाक बोर्ड की ओर एक बड़ी खबर आ रही है। खबर के अनुसार विश्व कप 2019 के तुरंत बाद पाकिस्तानी क्रिकेट में बड़े बदलाव करने का फैसला लिया जा चुका है। इन बड़े बदलावों में सीधे तौर पर मुख्य चयनकर्ता और कोच पद में नए चेहरों को देखा जाना तय माना जा रहा है।
इस समय पाक क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक हैं जबकि टीम के कोच हैं मिकी आर्थर। पीसीबी पूर्व कप्तान आमिर सोहेल को इंजमाम के स्थान पर मुख्य चयनकर्ता बनाने पर विचार कर रहा है। इंजमाम का अनुबंध जुलाई में समाप्त हो जाएगा।
पीसीबी के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, 'जिन लोगों की सूची तैयार की गयी है उनमें सोहेल प्रबल दावेदार हैं। पीसीबी के प्रबंध निदेशक वसीम खान मुख्य चयनकर्ता और मुख्य कोच पद की नयी नियुक्तियों के बारे में फैसला करेंगे।' आपको बता दें कि पूर्व पाक ओपनर आमिर सोहेल इससे पहले 2002 से 2004 के बीच मुख्य चयनकर्ता रह चुके हैं।
हालांकि अभी तक यह फैसला नहीं लिया जा सका है कि आर्थर की जगह पर किसको कोच बनाया जाएगा और यह कोच विदेशी होगा या फिर किसी स्थानीय अनुभवी खिलाड़ी को तरजीह दी जाएगी। कहा तो यह भी जा रही है कि इंजमाम उल हक को टीम का मुख्य कोच बनाने के लिए भी पर्दे के पीछे भूमिका बनाई जा रही है।
आपको बता दें कि इस समय पाकिस्तानी क्रिकेट टीम विश्व कप 2019 में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड में है। पाक टीम को पहले ही वार्म-अप में अफगानिस्तान ने मात देकर सनसनी मचा दी थी। फिलहाल टीम के कोच मिकी आर्थर को विश्व कप में ध्यान क्रेंद्रित करने को कहा गया है। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान का मैच 16 जून को है और यह विश्व कप के सबसे ज्यादा बहुप्रतीक्षित मुकाबलों में गिना जा रहा है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
