नई दिल्ली। जब विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम घोषित की जाती है तो खिलाड़ियों की अपेक्षाओं का नहीं बल्कि परफारमेंस का ध्यान रखा जाता है। इसके बावजूद भी आप सभी परफार्म कर रहे खिलाड़ियों को खुश नहीं कर सकते हों, लेकिन कुछ नाम ऐसे होते हैं जिनको ना चुनने से बातो-विवादों का एक दौर शुरू हो जाता है। 15 अप्रैल को चुनी गई भारतीय विश्व कप पुरुष टीम में चर्चाओं के लिए ऐसा ही एक नाम है- ऋषभ पंत।
15 सदस्यीय विश्व कप की टीम में पंत के ऊपर दिनेश कार्तिक को तरजीह दी गई है। लेकिन पंत का ना होना कई क्रिकेट दिग्गजों को हैरान कर रहा है। इनमें से कई क्रिकेट विश्लेषक और पूर्व खिलाड़ी तो पंत को पहली ही अपनी-अपनी प्लेयिंग इलेवन में स्थान दे चुके थे। इन्हीं नामों में एक बहुत बड़ा नाम है- टीम इंडिया के पूर्व महान बल्लेबाज और कप्तान सुनील गावस्कर का।
गावस्कर ने कहा है जबरदस्त बल्लेबाज और विकेटकीपिंग में भी सुधार करने के बावजूद पंत को जगह ना मिलने पर हैरान हैं। इंडिया टुडे से बात करते हुए इस दिग्गज का कहना है कि पंत हमको टॉप 6 जगहों में बाए हाथ के बल्लेबाज का भी विकल्प देते हैं जो गेंदबाज के खिलाफ काफी कारगर साबित हो सकता है। क्योंकि गेंदबाजों को तब अपनी लाइन बदलने की जरूरत होती है और कप्तान को फील्डिंग में बदलाव करने पड़ते हैं।
आपको बता दें, पंत अब तक आईपीएल के मौजूदा सीजन में 245 रनों का योगदान दे चुक हैं। जबकि कार्तिक के नाम इसके मुकाबले केवल 111 रन ही हैं। ऐसे में गावस्कर ने कहा है कि कार्तिक को उनकी विकेटकीपिंग के कारण ज्यादा लिया गया है ना की उनकी बैटिंग के लिए।
इसके अलावा उन्होंने विजय शंकर के बारे में भी बात करते हुए कहा, 'उन्होंने पिछले एक साल में अपने खेल को काफी सुधारा है। वे अच्छे बल्लेबाज, कारगर गेंदबाज और शानदार फील्डर हैं।'