क्वालीफाईंग टूर्नामेंट जीतकर विश्व कप में पहुंचने वाली अफगानिस्तान की टीम ने जहां आयरलैंड को पराजित किया वहीं दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को और इंग्लैंड ने बांग्लादेश को धूल चटाई।
बारबाडोस के ब्रिजटाउन के किंग्सटन ओवल मैदान पर श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सनत जयसूर्या (37) और चमारा कापूगेदेरा (नाबाद 61) की अच्छी पारियों की बदौलत 20 ओवरों में आठ विकेट पर 137 रन बनाए।
जवाब में खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 19.3 ओवरों में पांच विकेट पर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया। मार्क बाउचर 33 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि लूट्स बूसमैन ने 20, हर्शेल गिब्स ने 26, अब्राहम डिविलियर्स ने 21 और जेहान बोथा ने 29 रनों का योगदान दिया।
इसी मैदान पर खेले गए दिन के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। इंग्लैंड की जीत में माइकल यार्डी (20/3) और रवि बोपारा (62) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बांग्लादेश ने 20 ओवरों में सात विकेट पर 126 रन बनाए थे जबकि इंग्लैंड ने 17.1 ओवरों में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पॉल कोलिंगवुड 32 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि क्रेग कीसवेटर ने 22 रनों का योगदान दिया।
उधर, गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में अफगानिस्तान ने अपने बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बूते आयरलैंड को पांच विकेट से पराजित कर दिया।
पहले खेलते हुए आयरलैंड ने 20 ओवरों में नौै विकेट पर 133 रन बनाए जबकि अफगानिस्तान ने 19.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान नवरोज मांगल ने 27, असगर स्ताकानी ने 39 और मोहम्मद नबी ने 28 रनों का योगदान दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।