रॉयल्स के 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट राइडर्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और वह पांच विकेट के नुकसान पर केवल 134 रन ही बना सकी। पारी की शुरुआत करने आए मनोज तिवारी और ब्रॉड हॉज सलामी जोड़ी कुछ खास नहीं कर सकी। टीम के कुल योग में 18 रन ही जुड़ा था कि युसूफ पठान ने मनोज तिवारी को बोल्ड कर नाइट राइडर्स को पहला झटका दिया। तिवारी ने 11 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा 29 रन बनाकर आउट हुए उन्हें सिद्धार्थ त्रिवेदी ने बोल्ड किया।
ब्रॉड हॉज ने 36 रनों की पारी खेली। हॉज को भी यूसुफ पठान ने बोल्ड किया। कप्तान सौरव गांगुली ने 33 रनों की पारी खेली। एंजेला मैथ्यूज अपना खाता नहीं खोल सके। ओवेश साह 19 रन और ऋद्धिमान साहा एक रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 168 रन बनाए। रॉयल्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसका पहला विकेट शून्य के कुल योग पर ही गिर गया। रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज माइकल लुम्ब को डिंडा ने बिना खाता खोले ही एलबीडब्ल्यू कर दिया। उसके बाद फैयाज फैजल और नमन ओझा ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 42 रन के कुल स्कोर पर शेन बांड की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा ने फैजल का कैच लपक लिया। फैजल 31 रन बनाकर आउट हुए।
नमन ओझा 27 रन बनाकर शेन बांड के एक सीधे थ्रो पर रन आउट हुए। ओझा के आउट होने के बाद खेलने आए यूसुफ पठान भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सकेऔर केवल 15 रन बनाकर अशोक डिंडा का शिकार हो गए। डिंडा ने यूसुफ को ब्राड हॉज के हाथों कैच करवाया। पठान के आउट होने के बाद खेलने आए पारस डोगरा को इंशात शर्मा ने विकेट कीपर ऋद्धिमान शाहा के हाथों कैच करवा दिया। डोगरा अपना खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान शेन वार्न केवल एक रन बनाकर आउट हुए और बांड ने उन्हें अपना शिकार बनाया। एडम वोग्स 37 रन और मुनाफ पटेल चार रन बनाकर नाबाद रहे।
टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स यह पहली जीत है। उसे अब तक खेले गए चार मैचों में से तीन में हार का सामना करना पड़ा था।
रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने इस मैच के लिए अपनी टीम में तीन परिवर्तन किए थे। डेमियन मार्टिन, मोर्नी मोर्कल और सुमीत नारवाल की जगह क्रमश: एडम वोग्स, शॉन टेट और फैयाज फैजल को टीम में शामिल किया गया।
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में दो परिवर्तन किए गए। लक्ष्मीरतन शुक्ला की जगह अशोक डिंडा और रोहन गवास्कर की जगह चेतेश्वर पुजारा को टीम में जगह दी गई। नाइट राइडर्स ने अब तक खेले गए चार मैचों में से दो में जीत दर्ज की है। यह उसकी लगातार दूसरी हार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।