नई दिल्लीः पहले दिन के तीनों सेशन अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे दिन के दो सेशन भी ठीक-ठाक तरीके से खेल लिए हैं। इस दिन का पहला सेशन ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजी की मजबूती के नाम रहा लेकिन भारत ने तब भी केवल 2 ही विकेट खोए थे।
दूसरे सेशन में भारतीय टीम ने 2 विकेट खोए लेकिन कुल मिलाकर बोर्ड पर 5 विकेट के नुकसान पर 189 रन दर्ज हो चुके हैं। हालांकि भारत बहुत अच्छी स्थिति में हो सकता था लेकिन विहारी और पंत दोनों ने जमने के बाद अपने विकेट गंवाए।
पहला विकेट विहारी के रूप में नाथन लियोन को मिला जब उन्होंने स्पिनर को स्वीप करने की कोशिश की और 21 रनों के निजी स्कोर पर स्टीव स्मिथ को कैच दे दिया। उन्होंने गलव्स पर गेंद को लिया जिसका खामियाजा भारत को चौथे विकेट के तौर पर भुगतना पड़ा।
विहारी ने 66 गेंदे खेल ली थी और उसके बाद ऋषभ पंत की बहुप्रतीक्षित एंट्री हुई। उन्होंने कुछ बेहतर शॉट्स खेले 40 गेंदों की पारी में 3 चौके लगाते हुए 29 रन बनाए। वे मिशेल स्टार्क की गेंद पर टिन पेन को कैच देकर आउट हो गए।
नंबर छह पर रविंद्र जडेजा का आगमन हुआ है और वे 15 गेंदों पर 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इस सेशन की सबसे खास बात कप्तान अजिंक्य रहाणे का अर्धशतक रहा है जो इस मैच का पहला अर्धशतक भी है। रहाणे ने बेहतरीन खेलते हुए 121 गेंदों पर 53 रन बना लिए हैं और वे 5 चौके लगा चुके हैं।
जहां तक ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजी की बात है तो स्टार्क और कमिंस एक बार फिर अनुभवी साबित हुए हैं और उन्होंने आपस में चार विकेट बांट लिए हैं। लियोन असरदार रहे लेकिन उनको विकेट एक मिला। एडिलेड के हीरो हेजलवुड अभी विकेट नहीं ले पाए हैं।