India vs Australia Boxing Day Test Match First Session नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में पहले बैटिंग करने का फैसला तो कर लिया लेकिन भारतीय स्पिनरों ने भी उनको पहले सेशन में काफी परेशान किया। खासकर रविचंद्रन अश्विन ने जिन्होंने दो विकेट लेकर कंगारू शीर्ष क्रम को चलता करने में अहम भूमिका निभाई।
इससे पहले तेज गेंदबाजी में नई गेंद के साथ जसप्रीत बुमराह छाए रहे और उन्होंने जो बर्न्स को जीरो पर चलता कर दिया। इस गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन पहले सेशन के दौरान 3 विकेट पर 65 रन बनाकर संघर्ष कर रही है।
भारत को चौथा विकेट भी सेशन के अंतिम ओवर में मिल गया था जब अश्विन की गेंद पर लाबुशेन को पगबाधा की अपील की गई और अंपायर ने स्वीकार भी कर ली लेकिन डीआरएस ने बताया कि गेंद कुछ उछकर विकेट के ऊपर से जा रही थी और अंपायर को अपना फैसला पलटना पड़ा।
लंच होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 27 ओवरों में 3 विकेट पर 65 रन बना लिए थे। आर अश्विन को मैथ्यू वेड का विकेट पहले मिला जो 39 गेंदों पर 30 रन बनाकर खेल रहे थे। उनको जडेजा ने अश्विन की गेंद पर लपका।
ये अश्विन का दूसरा विकेट था जो काफी अहम था। उन्होंने स्टीव स्मिथ को लेग स्लिप में पुजारा के हाथों लपकाया। स्मिथ तब तक खाता भी नहीं खोल पाए थे। एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में भी स्मिथ स्टार ऑफ स्पिनर की फिरकी का शिकार हुए थे।
इस समय क्रीज पर मार्नस लाबुशेन और ट्रेविस हेड टिके हुए हैं। लाबुशेन का विकेट अहम हैं क्योंकि उनकी आंखे जम चुकी हैं और वे 26 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि हेड आर अश्विन के सामने पूरी तरह से संघर्ष कर रहे हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
भारत- मयंक अग्रवाल, शुबमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उप कप्तान), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हनुमा विहारी, रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है- मैाथ्यू वेड, जो बर्न्स, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरुन ग्रीन, टिम पेन (विकेटकीपर और कप्तान), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड