India vs Australia Boxing Day Test नई दिल्लीः भारतीय टीम बॉक्सिंग डे टेस्ट जीतने के लिए बहुत अच्छी स्थिति में है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को चौथी पारी में 200 रनों पर ऑल-आउट कर दिया है जिसके बाद भारत को यह टेस्ट जीतने और सीरीज को 1-1 से बराबर करने के लिए 70 रनों का लक्ष्य मिला है। सीरीज का पहला मैच शर्मनाक तरीके से हारने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद यह भारत की जबरदस्त वापसी है।
भारत को चौथी पारी में सभी गेंदबाजों ने विकेट दिलाई। बुमराह, अश्विन और जडेजा को 2-2 विकेट मिले, मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए और एक विकेट चोटिल उमेश यादव को मिला जो आज गेंदबाजी के लिए नहीं आए।
मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 133 रन बना लिए थे और कैमरुन ग्रीन के साथ पैट कमिंस एक शानदार साझेदारी निभाते हुए दिख रहे थे। उन्होंने चौथे दिन भी रनों को आगे बढ़ाने का सिलसिला जारी रखा और ऑस्ट्रेलिया को 150 पार पहुंचाया। लेकिन यहीं पर 22 रनों के निजी स्कोर पर पैट कमिंस को बुमराह ने मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट करा दिया।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया इतनी आसानी से हार मानने के मूड में नहीं रहा और कैमरुन ग्रीन ने कुछ और रन जोड़े। यह मोहम्मद सिराज थे जिन्होंने 45 रन बनाकर खेल रहे कैमरुन ग्रीन से निजात दिलाई। उसके बाद सिराज ने पंत के हाथों लियोन को कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को 9वां झटका दे दिया।
185 रनों के स्कोर पर 9 विकेट गिरने के बाद जोश हेजलवुड और मिशेल स्टॉर्क की जोड़ी ने फिर से कुछ रन जोड़े। इस दौरान भारतीय गेंदबाज विकेट लेने के लिए अतिरिक्त प्रयास करते हुए नजर आए और कुछ आसान रन भी दिए गए। इसी दौरान लंच ब्रेक को कुछ समय के लिए बढ़ा दिया गया था और अश्विन ने जोश हेजलवुड को 10 रनों के स्कोर पर बोल्ड करके कंगारू पारी को समाप्त कर दिया।
इससे पहले अजिंक्य रहाणे के चर्चित शतक के दम पर भारत ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे और ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 195 रनों पर बड़ी बढ़त ले ली थी।