India vs Australia Boxing Day Test नई दिल्लीः मोहम्मद शमी और ईशांत शर्मा जैसे धुरंधरों की गैरमौजूदगी के बीच भी भारतीय गेंदबाजों का ओवरसीज में धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में मेलबर्न के मैदान पर भारतीय बॉलिंग अटैक ने दो सत्रों तक अपना दबदबा कायम रखा है और ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम चायकाल तक आउट हो गई है।
इससे पहले दिन का पहला सेशन ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम की नाकामी लेकर आया था और उसने लंच तक 3 विकेट पर 65 रन बना लिए थे।
लंच के बाद के सेशन में भी भारत को दो अहम विकेट मिले हैं। पहला विकेट ट्रेविस हेड का रहा जिनको बुमराह ने चलता करके अपनेा दूसरा विकेट लिया। हेड और लाबुशेन ने तब तक एक अच्छी साझेदारी बना ली थी। हेड ने 92 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली।
उसके बाद दिन का हाईलाइट विकेट लाबुशेन का कहा जा सकता है क्योंकि यह डेब्यू करने वाले मोहम्मद सिराज का पहला टेस्ट था। इसके अलावा लाबुशेन ने 132 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेलकर खतरा पैदा कर दिया था। लेकिन सिराज ने उनको अर्धशतक से 2 रन दूर ही गिल के हाथों कैच कराके भारत को 5वीं सफलता दिला दी।
फिलहाल बुमराह और अश्विन को 2-2 विकेट मिल चुके हैं और सिराज के खाते में एक विकेट आया है। उमेश यादव और जडेजा को अभी खाता खोलना बाकी है।
इससे पहले तेज गेंदबाजी में नई गेंद के साथ जसप्रीत बुमराह छाए रहे और उन्होंने जो बर्न्स को जीरो पर चलता कर दिया। आर अश्विन को मैथ्यू वेड का विकेट पहले मिला फिर उन्होंने स्टीव स्मिथ को लेग स्लिप में पुजारा के हाथों लपकाया। स्मिथ तब तक खाता भी नहीं खोल पाए थे