नई दिल्लीः गाबा टेस्ट का पहला दिन समाप्त हो गया है और ऑस्ट्रेलिया ने थोड़ा सा पलड़ा अपने पक्ष में झुकाते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 274 रन बना लिए हैं। गाबा ऑस्ट्रेलिया का मजबूत किला है और दूसरा दिन भारत चाहेगा कंगारू जल्दी से जल्दी आउट हो जाएं।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और भारत को गेंदबाजी में शानदार शुरुआत मिली जब डेविड वार्नर 1 के स्कोर पर सिराज की गेंद पर आउट हो गए जबकि दूसरा विकेट मार्कस हैरिस का था जो 5 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने।
लेकिन उसके बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन की भारत के लिए दर्दनाक जोड़ी एक बार फिर से जम गई। हालांकि इस बार स्मिथ 36 ही रन बना सके जब डेब्यू करने वाले वाशिंगटन सुंदर ने सपनों सरीखी टेस्ट शुरुआत करते हुए दिग्गज बल्लेबाज का विकेट लिया।
लेकिन इसके बाद मैथ्यू वेड ने फिर से लाबुशेन के साथ साझेदारी बनाई और इस दौरान लाबुशेन ने सीरीज और भारत के खिलाफ पहला शतक बनाया। यह उनका पांचवां टेस्ट शतक था। वेड और लाबुशेन दोनों को नटराजन ने जल्दी से आउट करके भारत को मैच में वापस ला दिया। वेड ने 45 और लाबुशेन ने 108 रन बनाए। दोनों हवा में शॉट मारने के फेर में आउट हुए।
213 रनों पर 5 विकेट जब गिरे तो भारतीय फैंस खुश थे लेकिन यहां पर कैमरुन ग्रीन और टिम पेन फिर से क्रीज पर अड़ गए और दोनों ने 61 रन जोड़ लिए। दिन में फिर कोई विकेट नहीं गिरा। ग्रीन 28 और पेन 38 रन बनाकर मुखर थे।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो टी नटराजन ने अपने डेब्यू पर प्रभावित किया और 2 विकेट लिए। सिराज, शार्दुल और सुंदर को 1-1 विकेट मिला।