IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने जबरदस्त जीत दर्ज करते हुए चौथे दिन में ही खेल को खत्म कर दिया और मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में कप्तानी संभाल रहे अजिंक्या रहाणे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में शतक लगाया और दूसरी पारी में नाबाद रहते हुए टीम को जीत की राह तक पहुंचाया। अजिंक्या रहाणे को उनके शांत स्वभाव के लिए जाना जाता है और इसका टीम के खिलाड़ियों पर असर देखने को मिलता है। कप्तान के शांत स्वभाव ड्रेसिंग रूम के माहौल को भी सकारात्मक रखने में अहम भूमिका निभाता है। खुद टीम के अहम खिलाड़ी और स्टार गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन भी इस बात को मानते हैं।
रविचंद्रन अश्विन ने मैच में जीत के बाद कप्तान अजिंक्या रहाणे की तारीफ करते हुए कहा कि उनका शांस स्वभाव ड्रेसिंग रूम के माहौल को अच्छा रखता है और खिलाड़ियों को अच्छा करने की प्रेरणा मिला है। टीम की जीत के बाद जब अश्विन से इस जीत के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 36 रन के स्कोर पर पूरी टीम का आउट हो जाना हमारे लिए मुश्किल था, वो भी हमारे जैसे देश के लिए, जो कि क्रिकेट के क्षेत्र में काफी गौरवान्वित देश है। विराट को खोना, उनका वापस स्वदेश जाना हमारे लिए आसान नहीं था। लेकिन हमने अच्छी वापसी की। अजिंक्या रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, जसप्रीत बुमरा और मेरे बीच अच्छी बॉन्डिंग है। अजिंक्या रहाणे की ड्रेसिंग रूम में शांत स्वभाव ने हमे अच्छा करने के लिए प्रेरित किया।
ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की रीढ़ माने जाने वाले स्टीव स्मिथ के खिलाफ टीम की रणनीति को लेकर जब अश्विन से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर आप ऑस्ट्रेलिया आते हैं और स्टीव स्मिथ को आउट नहीं कर पाते हैं तो यह काफी मुश्किल हो सकता है। स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की अहम कड़ी हैं। खास तौर पर डेविड वॉर्नर का टीम में नहीं होना स्टीव स्मिथ की जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है। ऐसे में स्मिथ को जल्दी आउट करना हमारे लिए प्राथमिकता था, हमने उन्हें आउट करने के लिए योजना बनाई और हमे इसका सकारात्मक नतीजे मिले।