India vs Australia Sydney Test Match नई दिल्लीः भारत के लिए सिडनी टेस्ट मैच में अग्नि परीक्षा की घड़ी शुरू हो चुकी है और मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 312 रन बनाकर पारी घोषित कर दी है। इसके बाद भारत को 407 रनों का टारगेट मिला है। मैच के चौथे दिन का पूरा तीसरा सत्र पड़ा हुआ है और कल का दिन भी बाकी है। ऐसे में मैच बचाना भारत के लिए चमत्कार सरीखा है।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा के बिना बेहद ही औसत गेंदबाजी की। जडेजा ने पहली पारी में चार विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी लेकिन वे बाए हाथ के अंगूठे के टूटने के बाद अब गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे। वे अगले मैच के लिए भी बाहर हो चुके हैं।
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह अकेले दम पर कितने साधारण साबित हो सकते हैं ये पारी इसकी बानगी भी है। दूसरे छोर पर अनुभवी साथियों की गैर मौजूदगी में बुमराह अपने नाम के अनुरूप कमाल नहीं कर पाए। उनको 21 ओवर में 68 रन देकर एक ही विकेट मिला। मैच में दर्शकों के बर्ताव से परेशान हो चुके सिराज को भी 90 रन देकर 1 विकेट मिला। नवदीप सैनी थोड़े ठीक साबित हुए और उनको 54 रन देकर 2 विकेट मिले। अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और 95 रन पर दो विकेट के आंकड़ों के साथ लौटे।
दूसरी और ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे बड़े टेस्ट महारथी लाबुशेन और स्टीव स्मिथ जम चुके हैं और यह अगले टेस्ट के लिए भी भारत के लिए बुरी बात है। लाबुशेन ने 73 और स्टीव स्मिथ ने 81 रनों की पारी खेली।
लेकिन जख्म दिया कैमरून ग्रीन जैसे ऑलरांउडर ने जिन्होंने टी20 के अंदाज में कुछ छक्के लगाते हुए भारतीय गेंदबाजी को हताश कर दिया। ग्रीन ने 132 गेंदों पर 84 रनों की तेज पारी खेली। कंगारू कप्तान टिम पेन 39 रन बनाकर नाबाद लौटे और ऑस्ट्रेलिया ने 87 ओवरों में 6 विकेट पर 312 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी।