India vs Australia Sydney Test नई दिल्लीः रविंद्र जडेजा भारत के लिए कमाल के ऑलराउंडर के तौर पर काफी समय से खेल रहे हैं लेकिन ओवरसीज धरती पर उनकी बैटिंग और बॉलिंग हमेशा कमजोर कड़ी साबित हुई है। यहां हम टेस्ट क्रिकेट की बात कर रहे हैं जहां भारत के दिग्गज से दिग्गज स्पिनरों के सामने चुनौतियां पेश आती रही हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से जडेजा ने खुद को एक बल्लेबाज के तौर पर अधिक परिपक्व किया है जिसका असर उनकी गेंदबाजी पर भी सकारात्मक तौर पर दिखाई दिया है।
जडेजा की फिटनेस सबसे बेहतरीन हैं और वे फील्डिंग में तो बाकी खिलाड़ियों से बीस साबित होते हैं। क्रिकेट के ये तीनों हुनर जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में बखूबी दिखाए हैं। पहले मैच बॉक्सिंग डे टेस्ट था जब उन्होंने रहाणे के साथ अर्धशतक लगाया था और गेंदबाजी में भी तीन विकेट लिए थे।
अब सिडनी टेस्ट में भी जडेजा छाए हैं और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 338 रनों पर सिमट गई है। यह भारत की दूसरे दिन सिडनी टेस्ट में सही वापसी है जिसका श्रेय काफी हद तक जडेजा को ही जाता है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन 2 विकेट पर 166 रनों का अच्छा स्कोर बनाया था। भले ही दूसरा दिन स्टीव स्मिथ के नाम रहा जिन्होंने 131 रनों की पारी खेलकर करियर का 27वां शतक लगाया लेकिन दिन के अंत में वे रविंद्र जडेजा की ही बुलेट थ्रो पर आउट हुए जब वे दूसरा रन लेना चाहते थे।
इसके अलावा यह दिन रविंद्र जडेजा का भी रहा जिन्होंने बॉलिंग में चार और एक विकेट अपने सटीक थ्रो से लिया जो स्मिथ का था। जडेजा की ऑलराउंडर के तौर पर कायापलट हो चुकी है और ऐसा क्रिकेट अगर वे तीन-चार साल और खेल गए तो क्रिकेट इतिहास के सर्वकालिक बेहतरीन ऑलराउंडर में उनका नाम दर्ज होने वाला है।
फिलहाल के आंकड़ों पर बात करें तो जडेजा ने 62 रन देकर 4 विकेट लिए जिसमें दो विकेट तो सटीक योर्कर से आए। उन्होंने पैट कमिंस और लियोन जैसे निचले बल्लेबाजों के सामने सरप्राइज यॉर्कर का इस्तेमाल किया।
ये जडेजा द्वारा ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बनाया गया सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़ा है और ओवरसीज में कुल मिलाकर उनका तीसरा सर्वश्रेष्ठ टेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन है।
जडेजा के ओवरसीज प्रदर्शन के आंकड़े इस प्रकार हैं-
6/138 v SA जोहांसबर्ग 2013/14
5/152 v SL कोलंबो 2017
4/62 v Aus सिडनी 2020/21 *
4/79 v Eng द ओवल 2018