Ind Vs Aus: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आज टीम इंडिया का प्रेक्टिस सेशन बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश की वजह से खिलाड़ी आज मैदान में अभ्यास नहीं कर पाए और उन्हें मजबूरन इंडोर प्रैक्टिस करनी पड़ी। बारिश के चलते खिलाड़ियो ने जिम में समय बिताया। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच सिडनी में 7 जनवरी को खेला जाना है। आज के प्रैक्टिस सेशन के बारे में बीसीसीआई की ओर से ट्वीट करके जानकारी दी गई कि बारिश के चलते प्रैक्टिस सेशन को रद्द कर दिया गया है। बता दें कि 4 जनवरी को भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम सिडनी के लिए रवाना होगी।
शनिवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से कहा गया था कि पांच भारतीय टेस्ट खिलाड़ी जिसमे उपकप्तान रोहित शर्मा भी शामिल हैं उन्हें जांच के बाद आइसोलेशन में रखा गया है, संभव है कि इन खिलाड़ियों ने कोविड-19 के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। बता दें कि एक फैन ने रोहित शर्मा सहित कई खिलाड़ियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, शुक्रवार को इस वीडियो के सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सख्त कदम उठाते हुए इन खिलाड़ियों को आइसोलेशन में रखा है।
बता दें कि चार टेस्ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमों ने 1-1 मैच जीता है। ऐसे में तीसरे टेस्ट में दोनों ही टीमें लीड लेने के इरादे से उतरेगी। देखने वाली बात यह होगी कि तीसरे टेस्ट मैच में दोनों टीमें किस रणनीति से मैदान में उतरती है। दूसरे टेस्ट में जीत के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं। रोहित शर्मा की टीम में वापसी टीम को और मजबूती देगी। वहीं दूसरे टेस्ट में जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने जूझते नजर आए वह तीसरे टेस्ट में वापसी करने की पूरी कोशिश करेंगे।