नई दिल्लीः इंग्लैंड की टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम को बहुत ही बढ़िया तरीके से मात दी। टीम इंडिया को 7 विकेट पर 124 रनों पर समेटने के बाद मेहमानों ने 27 गेंद शेष रहते हुए 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। अब भारत के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने विराट कोहली के चयन पर अपनी सोच जाहिर की है।
जडेजा ने सवाल उठाया है कि क्या विराट कोहली किसी तरह का कोई प्रयोग करना चाह रहे थे। जडेजा आगे कहते हैं कि सभी जानते हैं शिखर धवन, केएल राहुल और संजू सैमसन कैसे खेलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऋषभ पंत, संजू सैमसन की जगह पर आए हैं तो वह समझ नहीं पा रहे हैं यह किस तरह का प्रयोग है।
क्रिकबज के साथ एक चैट में बात करते हुए कहा जडेजा ने कहा, "आप मैच का परिणाम एक तरफ रख दें लेकिन भारत इस मैच में किस तरह के प्रयोग को करने की कोशिश कर रहा था? अब जानते हैं शिखर धवन कैसे खेलते हैं। केएल राहुल को भी लंबा समय हो गया है। संजू सैमसन मिडिल ऑर्डर में खेल रहे थे और अब उनकी जगह पर ऋषभ पंत आ गए हैं तो यही बदलाव है। मैं नहीं समझ पाया हूं कि यह किस तरह का एक्सपेरिमेंट था। इसके अलावा बातचीत के दौरान विराट कोहली कहते हैं रोहित शर्मा खेलेंगे। अगर प्रयास करना ही था तो पंत से ओपन कराया जा सकता था।"
जडेजा का मानना है कि आक्रामक बल्लेबाजों का इस्तेमाल अधिक से अधिक करने के लिए उनको अधिक से अधिक मौके देने भी जरूरी होते हैं। चयन को लेकर उठे विवादों के बीच विराट कोहली की बल्लेबाजी फॉर्म खुद सवालों के दायरे में है। भारत को इन सभी सवालों के जवाब इसी सीरीज में देने होंगे जिसका दूसरा मुकाबला 14 मार्च को अहमदाबाद के के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।