IND vs ENG: Axar Patel out for first test, Rahul Chahar and Shahbaz Nadeem in the Squad नई दिल्लीः भारत के ऑलराउंडर अक्षर पटेल इंग्लैंड के पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनको बाए घुटने में कुछ समस्या है जिसके चलते दर्द महसूस हो रहा था। अब टीम में बाए हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम और लेग स्पिनर राहुल चाहर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ऑलराउंडर को गुरुवार को ट्रेनिंग सेशन के दौरान बाए घुटने में दर्द की शिकायत थी। वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और चोट की आगे की जानकारी मिलने का इंतजार है, वह पहले मैच में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।"
बयान आगे यह कहता है कि नदीम और चाहर टीम इंडिया के साथ स्टैंड बाई प्लेयर्स के तौर पर मौजूद रहे हैं। अब वे टीम का हिस्सा होंगे।
अक्षर पटेल का चयन रविंद्र जडेजा की जगह पर किया गया था। उन्होंने अभी तक भारत के लिए कोई टेस्ट नहीं खेला है। इसके अलावा विराट कोहली ने यह स्पष्ट कर दिया है ऋषभ पंत पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल होंगे। उन्होने बताया कि कुलदीप यादव भी टीम के प्लान का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा- "हां, पंत विकेटकीपर होंगे। उन्होंने हाल में ऑस्ट्रेलिया में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उनका पूरा खेल लगातार सुधर रहा है और उनकी फिटनेस भी। अपने हार्ड वर्क के चलते वे किसी भी समय टीम के लिए मैच विजेता साबित हो सकते हैं। ये ऐसी चीज है जिसको लेकर हमेशा विपक्षी टीमें पंत से सतर्क रहती हैं।"
कोहली ने कुलदीप को लेकर कहा कि वह टीम की योजनाओं में होगा। कोहली के मुताबिक उन्होंने कुलदीप को पहले की तुलना में अधिक फिट और सुधरी हुई गेंदबाजी के साथ देखा है। कोहली ने अधिक जोर इस बात पर दिया कि भारत के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों को लगातार प्रेरित करने और उनको अगले स्तर तक ले जाने के लक्ष्य दिए जाने जरूरी हैं, ताकी वे अधिक से अधिक देश के लिए खेल सकें।