IND vs ENG: ओवल में रोहित शर्मा ने तोड़ा मैथ्यू हेडेन का रिकॉर्ड, लगाई आंकड़ों की झड़ी
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसमें पहले दो दिन के खेल के अंदर दोनों टीमें अपनी-अपनी एक पारी खेल चुकी हैं। ओवल के मैदान पर खेला जा रहा यह चौथा टेस्ट मैच सीरीज का सबसे रोमांचक मैच साबित होता नजर आ रहा हैं, जहां पर कोई भी टीम पूरी तरह से इस मैच में अपनी जीत की दावेदारी नहीं कर सकती। टॉस हारकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिये मैदान पर उतरना पड़ा और खराब बल्लेबाजी के चलते पूरी टीम महज 191 रन पर ही सिमट गई।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम का अगला हेड कोच नहीं बनना चाहते हैं पोंटिंग, जानें क्या है कारण
भारत के लिये शार्दुल ठाकुर (57) और विराट कोहली (50) ने अर्धशतकीय पारियां खेली, तो वहीं जवाब में जब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो भारतीय गेंदबाजों ने महज 62 रन पर 5 विकेट लेकर विराट सेना को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि इंग्लैंड के लिये ऑली पोप (81) और क्रिस वोक्स (50) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम की वापसी कराई और इंग्लिश टीम को न सिर्फ धराशायी होने से बचाया बल्कि भारत के मुकाबले 99 रनों की बढ़त भी दिलाई।
और पढ़ें: 'बाउंसर मार के सिर फोड़ इसका', रवि शास्त्री ने सुनाया इमरान खान से जुड़ा 34 साल पुराना किस्सा

15 हजारी बने रोहित शर्मा
इसके बाद ऐसा लग रहा था कि अगर भारतीय टीम एक बार फिर से बल्लेबाजी में धराशायी हुई तो मैच में उसका वापसी करना नामुमकिन है, ऐसे में सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत का मिलना बेहद जरूरी था। ऐसे में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने टीम को कुछ वैसी ही शुरुआत दिलाई जिसकी उसे दरकार थी और 28 ओवर का खेल समाप्त होने तक पहले विकेट के लिये 77 रन जोड़ लिये हैं।
इस दौरान भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने संभलकर बल्लेबाजी की और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये हैं। रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी के दौरान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 15 हजार रनोंं के आंकड़े को पार कर लिया है और भारत के लिये यह आंकड़ा छूने वाले 8वें खिलाड़ी बन गये हैं। रोहित शर्मा ने यह कारनामा 397 पारियों में किया।

बतौर ओपनर पूरे किये 11 हजार रन
इतना ही नहीं मैच के तीसरे दिन रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 11 हजार रन भी पूरे कर लिये हैं और वो इस आंकड़े पर सबसे तेजी से पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। रोहित शर्मा ने 11 हजार रनों के आंकड़े को पार करने के लिये 246 पारियां ली। उल्लेखनीय है कि भारत के लिये सबसे तेज 11 हजार रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 241 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

रोहित ने तोड़ा मैथ्यू हेडेन का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने सबसे तेज 11 हजार रन पूरे करने वाले सलामी बल्लेबाज बनने की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडेन का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 251 पारियों में 11 हजार रन पूरे किये थे। इस फेहरिस्त में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का नाम भी शामिल है जिन्होंने 258 पारियों में यह आंकड़ा हासिल किया था। वहीं पर गॉर्डन ग्रीनिज ने 11 हजार रनों के आंकड़े को 261 पारियों में हासिल किया था। आपको बता दें कि रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर सबसे तेज 10 हजार रन बनाने के मामले में भी दूसरा स्थान हासिल किया था। रोहित शर्मा ने 219 पारियों में 10 हजार रन पूरे किये थे जबकि सचिन तेंदुलकर ने 214 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications