IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में पहले मैच में हार के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट टेबल में टीम इंडिया चौथे स्थान पर लुढ़क गई है जबकि इंग्लैंड पहले पायदान पर पहुंच गया है। लेकिन टीम इंडिया के चौथे पायदान पर पहुंचने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली इसको लेकर चिंतित नहीं हैं। कोहली ने कहा कि हम आगे के मैच को भी उसी तरह से देखेंगे जैसे कि अभी तक मैचों को देख रहे थे। हमारे लिए कुछ नहीं बदला है, जब आप लॉकडाउन में हैं और अचानक से नियम बदल दिए जाते हैं तो चीजें आपके नियंत्रण में नहीं होती हैं। आपके नियंत्रण में सिर्फ एक चीज होती है कि आप मैदान में कैसा खेलते हैं।
कोहली ने कहा कि आप टेबल की चिंता की बात कर रहे हैं या फिर जो कुछ मैदान के बाहर हो रहा है उसकी। इस तरह की बातों का कोई तर्क नहीं है, ये उस तरह की बातें हैं जिनपर आप घंटों बात कर सकते हैं, जितना चाहे। लेकिन आपके हाथ में सिर्फ एक ही चीज होती है वह है अच्छा क्रिकेट खेलना, फिलहाल हमारा फोकस सिर्फ वही है, इससे हमे फर्क नहीं पड़ता है कि टेबल में शीर्ष पर कौन है और नीचे कौन। बता दें कि चेन्नई में इंग्लैंड की जीत के बाद इंग्लैंड प्वाइंट टेबल पर पहले पायदान पर पहुंच गई है। अगर इंग्लैंड इस सीरीज को 2-1, 3-0 या 4-0 से जीतती है तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जाएगी।
कप्तान कोहली ने कहा कि हमारा ध्यान अगले तीन टेस्ट मैचों में अच्छी क्रिकेट खेलने पर है। हम यह कतई नहीं देख रहे हैं कि प्वाइंट टेबल पर कौन ऊपर है या नीचे। कोहली ने कहा कि टेस्ट मैच से पहले पहले कोई ये तक नहीं सोच रहा था कि इंग्लैंड के बारे में बात भी नहीं कर रहे थे और अचानक से आप प्वाइंट टेबल की बात कर रहे हैं। ये चीजें अक्सर बदलती रहती हैं, फिलहाल हमारा ध्यान अच्छी क्रिकेट खेलने पर है। बता दें कि न्यूजीलैंड पहले ही WTC के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। जबकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी भी मौका खुला है। भारत पहले मैच में हार के बाद 68.3 फीसदी अंक पर पहुंच गया है, ऐसे में चार टेस्ट मैचों की सीरीज में अब भारत एक भी मैच में हारा तो उसके लिए मुश्किल हो सकती है। टीम इंडिया को WTC में जगह बनाने के लिए कम से कम इस सीरीज को या तो 2-1 या फिर 3-1 से जीतना जरूरी है।