केएल राहुल की जगह कोहली को ODI कमान क्यों नहीं दी, सलमान बट्ट ने बताया कारण
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट के कुछ विवादितों दिनों के बाद विराट कोहली और उनकी टीम ने अपने फैंस को मुस्कराने का बड़ा मौका दिया है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सेंचुरियन में हराकर कमाल की टेस्ट जीत हासिल की। इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे हो चुकी है।
प्रोटियाज का किला सेंचुरियन में ढहाने के बाद अब नए साल पर भारतीय टीम से पहली बार साउथ अफ्रीका को उसके ही घर पर टेस्ट सीरीज में हराने का मौका है। चीजें सही चल ही रही थी कि चेतन शर्मा की सेलेक्शन कमेटी ने फिर से एक चौंकाने वाला चयन किया।

कोहली केएल राहुल की कमान में खेलेंगे
इस बार मामला वनडे टीम का है। भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज टेस्ट मैचों के बाद खेलनी हैं। इस सीरीज में रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं रहेंगे जो अब वनडे के लिए भी भारत के नियमित कप्तान हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं ने भारत के कप्तान के लिए जो खिलाड़ी चयनित किया उसने फिर से लोगों की भौहों को चढ़ा दिया है। कोहली की उपस्थिति के बावजूद भारतीय चयन समिति ने युवा केएल राहुल को कप्तान नियुक्त कर दिया है।
यह वही सीरीज है जिसमें पहले कोहली के ना खेलने की खबर थी लेकिन बाद में विराट ने खुद को उपलब्ध बताया था। अब कोहली केएल राहुल की कमान में खेलेंगे। कुछ महीने पहले की स्थिति के हिसाब से देखा जाए तो यह कुछ अजीब जरूर है लेकिन पाकिस्तान के पूर्व ओपनर सलमान बट्ट को लगता है इसमें कुछ गलत नहीं है। बल्कि बट्ट ने बीसीसीआई के इस कदम स्वागत किया है। पाकिस्तान के बाए हाथ के बल्लेबाज ने सेलेक्टरों के इस फैसले के पीछे के तर्क को समझाने की कोशिश की है।
श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत की जगह जसप्रीत बुमराह को ODI उपकप्तान बनाने का कारण

सलमान बट्ट ने बताया कारण-
पूर्व पाक सलामी बल्लेबाज ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक प्रशंसक के सवाल के जवाब में कहा, "विराट कोहली आगे इस टीम का नेतृत्व नहीं करेंगे। और, चूंकि वह अब टीम की कप्तानी नहीं करने जा रहे हैं, तो टीम मैंनेजमेंट ऐसे उप-कप्तान को स्टैंड-इन कैप्टन के रूप में चुनेंगे, जो भविष्य में टीम का नेतृत्व कर सकते हैं और राहुल ने आईपीएल में भी कप्तानी की है।"
बट ने धोनी युग को याद करते हुए बताया कि टीम इंडिया वर्षों से युवाओं को कप्तानी के लिए तैयार करने के समान पैटर्न का पालन कर रही है। उन्होंने कहा, "भारतीय क्रिकेट को जब भी मौका मिलता है, वे युवाओं को परखने की जिम्मेदारी देते हैं। टीम इंडिया का पैटर्न ऐसा ही रहा है। इसलिए, मुझे लगता है कि केएल राहुल के लिए यह एक अच्छा मौका है।"

ODI सीरीज 19 जनवरी से शुरू-
सलमान बट्ट ने आगे बताया कि, मैंने ऐसा धोनी के समय में भी देखा। जब भी भारत ने छोटे देशों के खिलाफ मैच खेला तो कई बार युवाओं को मौका देकर कप्तानी में आगे बढ़ाया।
राहुल को कप्तानी देने के अलावा भारतीय सेलेक्टरों ने सीम बॉलर जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज के लिए उप-कप्तान नियुक्त किया है। यह भी एक चौंकाने वाला मामला है। इसके अलावा शिखर धवन को भी मौका दिया गया है। तीन मैचों की यह सीरीज 19 जनवरी से शुरू होने जा रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
