IND vs SA: 229 रनों पर सिमटी साउथ अफ्रीका की पारी, शार्दुल ठाकुर ने लिए रिकॉर्ड 7 विकेट
नई दिल्लीः शार्दुल ठाकुर के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी को 229 रनों पर समेट दिया है। भारत ने पहली पारी पारी में 202 रन बनाए थे जिसके चलते प्रोटियाज टीम 27 रनों की बढ़त लेने में कामयाब रही है। ठाकुर ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 61 रन देकर 7 विकेट लिए। ठाकुर ने इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय होने का रिकॉर्ड भी बनाया है। इससे पहले अनिल कुंबले ने वांडरर्स में 53 रन देकर छह विकेट लिए थे।
शार्दुल ठाकुर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान अपने करियर में पहली बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया है। ठाकुर के प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम को जोहांसबर्ग में बहुत ज्यादा लीड नहीं खानी पड़ेगी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका अहम बढ़त लेने में कामयाब रहा क्योंकि टेंबा बावुमा और केगन पीटरसन ने शानदार अर्धशतक लगाए। भारतीय पारी में केवल एक ही अर्धशतक लगा था। यही दोनों पारियों के बीच का फर्क रहा है।
गेंदबाजी के मोर्चे पर शार्दुल ठाकुर छाए रहे जिन्होंने समय-समय पर भारत को ब्रेक दिलाया। यह ठाकुर ही थे जिन्होंने दूसरे दिन साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने का काम किया। उन्होंने दूसरे दिन सबसे पहला विकेट विपक्षी कप्तान डीन एल्गर का लिया जिन्होंने 120 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली और ठाकुर की गेंद पर विकेट के पीछे पंत के शिकार हुए। इसके बाद केगन पीटरन और वान दर डुसेन का विकेट भी ऐसे ही गिरा।
ठाकुर के तीन विकेट के बाद विकेटकीपर काइल और तेंबा बावुमा के बीच अच्छी साझेदारी हुई लेकिन काइल भी 21 रन बनाकर ठाकुर की गेंद पर पगबाधा हो गए। इसके बाद तेज अर्धशतक लगाकर खेल रहे बावुमा की बारी थी जिन्होंने ठाकुर की लेग साइड बॉल को खेलने के प्रयास में विकेट के पीछे पंत को कैच थमा दिया। ठाकुर का यह पांचवा विकेट था और उनके टेस्ट करियर का पहला भी। ठाकुर ने इसके बाद 21 रनों की बढ़िया पारी खेलकर गए पुच्छले बल्लेबाज मार्को येन्सिन को भी अश्विन के हाथों कैच कराकर अपना छठा विकेट लिया, अगली ही गेंद पर लुंगी नगिदी भी ठाकुर का शिकार बने।
इसके साथ ही ठाकुर वांडरर्स में पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय गेंदबाज बन गए। अनिल कुंबले पहले ऐसे बॉलर थे जिन्होंने 1992 93 में पहली बार इस मैदान पर 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया था। तब अनिल कुंबले ने 53 रन देकर छह विकेट लिए थे। इसके बाद 1996 97 में भारत के तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने 104 रन देकर पांच विकेट लिए। एस श्रीसंत ने 2006-7 में 40 रन देकर पांच विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका के अपने पिछले दौरे पर जसप्रीत बुमराह ने इसी मैदान पर 54 रन देकर पांच विकेट लिए थे और मोहम्मद शमी ने भी तब 29 रन देकर पांच विकेट लिए थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
