नई दिल्ली: खेल जब इंटरनेशनल लेवल पर पहुंच जाता है तब बहुत छोटी गलतियां जो नजरअंदाज की जा सकती थी, वे खेल में हार और जीत के बीच का फर्क बन जाती है। कई बार ये गलतियां सामान्य तौर पर देखने में नहीं मिलती हैं लेकिन खेल के हिस्से के तौर पर खिलाड़ी को पता होता है कि ये लापरवाहियां या गलतियां किस तरह से अंत में मैच का रुख पलटने का माद्दा रखती हैं। क्रिकेट में अपने 'जीरो मिस्टेक एटीट्यूड' के लिए भारत के कप्तान विराट कोहली को भी जाना जाता है।
इसका एक नजारा तब देखने को मिला जब मोहाली टी-20 मैच में कोहली ने श्रेयस अय्यर पर अपना गुस्सा निकाला। दरअसल यह मामला दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी के दौरान का है जब प्रोटियाज टीम 10वें ओवर में खेल रही थी और क्रीज पर टीम के कप्तान डि कॉक के अलावा बल्लेबाज बावुमा भी मौजूद थे। इसी बीच डीप में तैनात श्रेयस अय्यर ने लचर फील्डिंग का परिचय दिया और इन दोनों बल्लेबाजों को एक फालतू रन चुराने का मौका मिल गया। इतना ही नहीं उसके बाद अय्यर ने थ्रो में ढिलाई का परिचय दिया जिसके बाद गेंदबाजी छोर के स्टंप पर मौजूद कोहली का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने गेंद को कलेक्ट करने के बाद उसको स्टंप पर दे मारा।
आप इस वीडियो को यहां पर देख सकते हैं। इस मौके को छोड़ दिया जाए तो कोहली के लिए यह मैच काफी शानदार रहा। जब टीम इंडिया की बैटिंग आई तो कोहली और अय्यर भारत को जीत दिलाने तक क्रीज पर टिके रहे। कोहली ने जहां नाबाद 72 रनों की पारी खेली तो वहीं अय्यर ने भी नाबाद 16 रनों का योगदान दिया और विजयी चौका भी लगाया।
Angry Virat 😡😡😠 #IndvsSA #INDvSA #ViratKohli pic.twitter.com/jV5EUqQEJ1
— Harshal Gadakh 🇮🇳 (@harshalgadakh7) September 18, 2019
भारतीय टीम यह मैच एक ओवर बाकी रहते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत को 1-0 की अपराजेय बढ़त मिल चुकी है। 22 सितंबर को दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 मैच बेंगलुरु में खेला जाएगा।