सूरत: दक्षिण अफ्रीका की टीम ने एक तरफ जहां डीन एल्गर के शतक के दम पर विशाखापत्तनम टेस्ट में अपनी वापसी का अच्छा प्रयास किया है तो वहीं प्रोटियाज महिला टीम ने भी सूरत में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हराकर रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। दोनों देशों की महिला क्रिकेट टीमों के बीच यह सीरीज का छठा और अंतिम टी20 मैच था। इस मैच में मेहमान बल्लेबाज लिजेल ली और सुने लुस के बीच 144 रनों की शानदार साझेदारी ने प्रोटियाज महिलाओं को भारत के खिलाफ 105 रन की जीत हासिल करने में मुख्य भूमिका निभाई।
इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े, ली ने 47 गेंदों में करियर की सर्वश्रेष्ठ 84 रन की पारी (15 चौके, 1 छक्का) और कप्तान लुस ने 56 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 62 रन बनाए। इससे दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट पर 175 रन बनाने में मदद मिली, जो टी 20 इंटरनेशनल क्रिकेट में घरेलू जमीन के बाहर उनका उच्चतम स्कोर है। इससे पहले इस टीम का बेस्ट स्कोर पिछले साल टॉन्टन में इंग्लैंड के खिलाफ था जब उन्होंने 4 विकेट पर 166 रन बनाए थे।
इतना ही उसके बाद गेंदबाजी में भी दक्षिण अफ्रीकी महिलाओं ने अपना जलवा दिखाया और नादिन डे केर्लक (3/18) की शानदार गेंदबाजी के दम पर मेजबान टीम को 70 के स्कोर पर धराशायी कर दिया।
यह एक तरफ जहां दक्षिण अफ्रीकियों की सबसे बड़ी जीत है तो वहीं भारत के लिए घरेलू टी 20 इंटरनेशनल मैचों में अब तक का सबसे कम स्कोर है। हालांकि भारतीय टीम ने सीरीज को पहले ही जीत लिया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्धारित की गई 5 मैचों की सीरीज में 2 मैच बारिश के चलते धुल गए थे, जिसके चलते बीसीसीआई ने एक मैच और खिलाने का फैसला किया था। भारत ने 6 मैचों की इस सीरीज को 3-1 से जीता।
यह प्रोटियाज के सबसे अच्छे मैचों में से एक था और ली को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया । मेहमान कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने की जिसके बाद ओपनिंग जोड़ी ने तेज शुरुआत दी और 15.5 ओवरों की साझेदारी की। इस जीत से दक्षिण अफ्रीकी टीम अगले बुधवार से शुरू होने वाले तीन मैचों के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अब आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।