नई दिल्लीः भारत-श्रीलंका की सीमित ओवरों की सीरीज के ऊपर एक के बाद एक मुश्किलें पड़ रही हैं। पहले ही श्रीलंका खेमे में मिले दो कोरोना केस के बाद श्रंखला को फिर से शेड्यूल करना पड़ा है और अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों के अनुसार एक बल्लेबाज भी कोविड-19 की चपेट में आ गया है। बता दे वनडे सीरीज 13 जुलाई से शुरू होने वाली थी जिसके बाद तीन टी20 मैच खेले जाने थे। लेकिन अब यह सीरीज 18 जुलाई को होगी। दरअसल लंका की टीम इंग्लैंड से वापस तो आ गई है लेकिन तब से उनके खेमे में COVID-19 का कहर टूटना शुरू हो गया है।
एसएलसी स्रोत के अनुसार, बल्लेबाज संदुन वीराक्कोडी ने भी कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं और वह लंका के 15 वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ थे जो कोलंबो में प्रशिक्षण ले रहे थे। उन्हें भानुका राजपक्षे और अन्य क्रिकेटरों के साथ भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल सीरीज से पहले दांबुला में अभ्यास सत्र के लिए भेजा गया था। अब सिनेमन ग्रांड होटल में मौजूद टीम, जिसमें असेला गुणरत्ने, एंजेलो परेरा और भानुका राजपक्षे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, को पृथकवास करना होगा।
क्रिकेटरों का एक और सेट जिसमें 24 खिलाड़ी शामिल हैं, एक अलग बुलबुले में प्रशिक्षण ले रहे हैं और माना जाता है कि वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। टीम के इसी हिस्से को भारत के खिलाफ वैकल्पिक दस्ते के रूप में तैयार किया जा रहा था क्योंकि SL टीम के दो स्टाफ सदस्य पहले ही कोरोना पकड़ चुके हैं। उनमें कोच ग्रांट फ्लावर और एक एनालिस्ट शामिल है।
एसएलसी सचिव ने भारतीय टीम के खिलाफ एक वैकल्पिक टीम को उतारने की बात भी की है। यह तब होगा जब कोरोना के मामले मौजूदा नियमित टीम का पीछा नहीं छोड़ेंगे। श्रृंखला पहले ही आगे बढ़ा दी गई है और यह देखने वाली बात होगी कि यह सफलतापूर्वक कैसे पूरी हो पाती है।