गुवाहाटी: आखिरकार लंबे ब्रेक के बाद बुमराह भारतीय टीम में एक्शन में लौटने के लिए तैयार हो चुके हैं। रविवार को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले के साथ ही वे अपनी फिटनेस और फार्म का प्रदर्शन करेंगे। जसप्रीत बुमराह ने इससे पहले यहां के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मुख्य पिच से सटी अभ्यास पिच पर अपनी गेंद के साथ दस्तक दे दी है। बुमराह मैदान पर अभ्यास के दौरान गेंदबाजी करते हुए दिखाई दिए और पूरी लय में नजर आए।
भारत के गेंदबाजी कोच बी अरुण ने सत्र की निगरानी की और पहले फील्डिंग कोच आर श्रीधर और फिर मुख्य कोच रवि शास्त्री शामिल हुए।
गेंदबाजी से पहले, बुमराह ने संजू सैमसन के साथ एक बार पार्क के चारों ओर दौड़ लगाई। बुमराह चार महीने बाद स्ट्रेस फ्रैक्चर से उभरने के बाद वापसी कर रहे हैं। बुमराह स्टेडियम लौटे और अपने रन-अप को चिह्नित करने के लिए टेप का इस्तेमाल किया।
इस दौरान उन्होंने पूरी लय में गेंदबाजी की। उन्होंने कई तरह की गेंदबाजी विविधताओं को आजमाया जिसमें योर्कर गेंदे भी थी और स्लो योर्कर भी थी। सत्र में 30 मिनट तक एक स्टंप पर गेंदबाजी भी उन्होंने की। लगभग हर डिलीवरी के बाद बुमराह ने अरुण से बात की।
बुमराह की गेंदबाजी का एक वीडियो बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर शेयर भी किया है जिसमें बुमराह डंडों को उड़ाते हुए चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस दौरान बीसीसीआई ने अपने फॉलोअर्स से सवाल भी किया है- कहीं आप लोग यह नजारा मिस तो नहीं कर रहे थे? बुमराह की फार्म देखकर बताएं।
Missed this sight anyone? 🔥🔥🔝
— BCCI (@BCCI) January 3, 2020
How's that from @Jaspritbumrah93 #TeamIndia #INDvSL pic.twitter.com/hoZAmnvE2k