नई दिल्ली। वेस्टइंडीज में शुरू हो रहे छठे महिला टी 20 विश्व कप से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर की 32 गेंदों पर नाबाद 64 रन की तूफानी पारी की मदद से भारत नेअभ्यास मैच में इंग्लैंड को 11 रन से हरा दिया। हरमनप्रीत की पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे जिसकी मदद से भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 144 रन बनाये।इसके बाद भारतीय टीम ने इंग्लैंड को आठ विकेट पर 133 रन बनाकर रोक दिया। इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज डेनियली वाइट ने सर्वाधिक 54 रन बनाये। भारत की तरफ से पूनम यादव ने तीन जबकि राधा यादव और दीप्ति शर्मा ने दो - दो विकेट लिये।
हरमनप्रीत के अलावा स्मृति मंदाना (13), जेमिमा रोड्रिग्स (21), मिताली राज (18), वेदा कृष्णमूर्ति (तीन) और डी हेमलता (शून्य) पर आउट हो गईं। भारत पांच विकेट पर 70 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था।हरमनप्रीत ने इसके साथ दीप्ति शर्मा (18) के साथ छठे विकेट के लिये 54 रन की साझेदारी करके टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।