Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

लारा का रिकार्ड तोड़ने से चूके सहवाग

चेन्नई, 29 मार्चः भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग आज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां पहले टेस्ट के चौथे दिन 319 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए.

29 वर्षीय सहवाग इसके साथ ही 309 रन का अपना ही पूर्व का टेस्ट स्कोर का भारतीय रिकार्ड तोड़ने में कामयाब रहे लेकिन वेस्ट इंडीज के बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाबाद 400 रन का विश्व रिकार्ड तोडने से चूक गए. सहवाग ने आज शुक्रवार के 309 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपने स्कोर में 10 रन जोड़े.

हालांकि चौथे ओवर में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मखाया एंटिनी की एक गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पहले स्लिप में खड़े नील मैकेंजी उसे लपकने में कोई गलती नहीं की. नजफगढ के सुल्तान 400 रन बनाने से जरूर चूक गए लेकिन उन्होंने टेस्ट में दोहरे शतक जमाने वाले आस्ट्रेलिया के डान ब्रैडमैन और लारा की बराबरी कर ली है.

सहवाग ने अपने 55 वें टेस्ट में यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है. महान बल्लेबाज ब्रैडमैन ने 52 टेस्टों के अपने शानदार करिअर में दो तिहरे शतक बनाए थे जबकि वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान लारा ने 131 टेस्टों में दो तिहरे शतक बनाए थे.

दिल्ली के इस दिग्गज बल्लेबाज ने नवंबर 2001 में ब्लोमफोटेन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टेस्ट करिअर शुरू किया था और अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने शतक बनाया था. सहवाग के करिअर का यह 14 वां शतक है. दिलचस्प बात है कि इन 14 शतकों में उनके दो तिहरे शतक हैं जबकि ब्रैडमैन के 29 शतकों में दो तिहरे शतक और लारा के 34 शतकों में दो तिहरे शतक हैं.

सहवाग को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का क्लोन कहा जाता था जबकि सदी के महान बल्लेबाज ब्रैडमैन सचिन में अपनी छवि देखा करते थे. सचिन आजतक एक तिहरा शतक नहीं बना पाए हैं जबकि उनके क्लोन सहवाग ने दो तिहरे शतक ठोक डाले हैं.

सहवाग की इस अदभुत पारी की बदौलत भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका के 540 रन के स्कोर के जवाब में एक विकेट पर 468 रन का स्कोर खड़ा कर लिया था.

सहवाग ने एम ए चिंदबरम स्टेडियम की बल्लेबाजी की माकूल पिच पर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 42 चौको और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 309 रन ठोक डाले और 2004 में मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ स्कोर की बराबरी कर ली.

सहवाग ने अपना दूसरा तिहरा शतक बनाने के साथ ही टेस्ट इतिहास में आस्ट्रेलिया के डान ब्रैडमैन और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के दो बार तिहरे शतक बनाने के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली.

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सहवाग के साथ राहुल द्रविड 65 रन बनाकर नाबाद थे. ओपनर वसीम जाफर दिनभर के खेल में गिरने वाला एकमात्र भारतीय विकेट रहे. उन्होंने 73 रन बनाए. जाफर और सहवाग ने पहले विकेट के लिए 213 रन की साझेदारी की. सहवाग और द्रविड अब तक दूसरे विकेट के लिए 255 रन की नाबाद साझेदारी कर चुके हैं.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:20 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+