दुबई। कप्तान विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप स्थान पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।
चेन्नई टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद आईसीसी की ओर से साल 2016 की ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की गई, जिसमें भारतीय टीम ने पहला स्थान बरकरार रखा है।
हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीत के साथ ही टीम इंडिया को पांच अंकों की बढ़त मिली है। अब टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टीम 120 अंकों पर पहुंच गई है।
टीम इंडिया के बाद दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है। ऑस्ट्रेलियाई टीम, पहले नंबर पर काबिज टीम इंडिया से 15 अंक पीछे है।
इंग्लैंड की बात करें तो सीरीज शुरू होने पर उसके 105 प्वाइंट्स थे लेकिन अब ऑस्ट्रेलियाई टीम 105 प्वाइंट्स पर पहुंच कर दूसरे स्थान पर पहुंची है।
टेस्ट रैंकिंग में दशमलव अंकों में अंतर की वजह से तीसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है जिसके 102 प्वाइंट्स हैं। 102 प्वाइंट्स के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम भी टेस्ट रैंकिंग में चौथे नंबर है।
टीम इंडिया के खिलाफ 4-0 से सीरीज गंवाने के बाद इंग्लैंड की टीम 5वें नंबर पर पहुंच गई है। इंग्लैंड को 4 प्वाइंट्स का नुकसान हुआ है, वर्तमान में इंग्लैंड के 101 प्वाइंट्स हैं। इंग्लैंड की टीम आईसीसी रैंकिंग में तीसरे और चौथे नंबर काबिज पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका से महज एक प्वाइंट पीछे है।
कुल मिलाकर आईसीसी की ताजा रैंकिंग में चार प्वाइंट्स से चार टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही हैं। बता दें कि अप्रेल में होने वाले आईसीसी अवॉर्ड्स के मद्देनजर ये प्वाइंट्स बेहद अहम है।
एक अप्रेल को आईसीसी रैंकिंग में टॉप करने वाली टीम को 10 लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा। दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम को 5 लाख डॉलर का इनाम दिया जाता है।
तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीम को क्रमशः दो लाख डॉलर और एक लाख डॉलर का इनाम दिया जाता है।