IND vs SA: मोहम्मद सिराज की चोट पर रविचंद्रन अश्विन ने दी अपडेट
नई दिल्लीः भारतीय टीम के लिए साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतना इतना आसान नहीं दिख रहा है जितना पहले टेस्ट मैच को फतेह करने के बाद लग रहा था। भारत के लिए वांडरर्स में टेस्ट मैचों का इतिहास अच्छा रहा है लेकिन भारतीय बल्लेबाजी ने एक बार फिर से लुटिया डुबाई है क्योंकि यहां पर दूसरे टेस्ट में भारत की पहली पारी केवल 202 रनों पर सिमट गई। इसमें भी अश्विन ने 46 रनों का महत्वपूर्ण योगदान कर दिया वर्ना भारतीय ऊपरी क्रम ने पूरी तरह से हताशा भरा प्रदर्शन किया है।
भारत के साथ दूसरी समस्या मोहम्मद सिराज की चोट रही है जो उनको अपने चौथा ओवर की अंतिम बॉल फेंकने के दौरान लगी। वह यह बॉल नहीं फेंक पाए थे क्योंकि उन्होंने क्रीज तक आते-आते बॉल ही फेंक दी थी और फीजियो के मैदान तक आते-आते सिराज लड़खड़ा रहे थे।
सिराज काफी उर्जा से गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी चोट भारत के लिए दूसरे टेस्ट मैच में बहुत बड़ा झटका बन सकती है। चोट पर अपडेट देते हुए दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भारत की मेडिकल टीम सिराज की चोट का रात में आकलन करेगी। अश्विन को उम्मीद है कि सिराज इस टेस्ट में अभी अपना रोल बेस्ट तरीके से पूरा कर सकेंगे।
अश्विन ने पहले दिन की समाप्ति के बाद रिपोर्टरों से बातचीत करते हुए बताया कि, मैंने पूछा था कि मैं इस बारे में बात सकता हूं या नहीं। मेडिकल स्टॉफ सिराज का आकलन कर रहा है। जैसा ही सिराज का इतिहास रहा है उसको देखते हुए मैं उम्मीद कर रहा हूं कि वह अपना बेस्ट देने के लिए मैदान पर वापस आएंगे।
भारत के लिए बीच मैच में तेज गेंदबाजों का चोटिल होना झुंझलाहट भरा रहा है। पहले टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह को टखने में चोट लग गई थी लेकिन गनीमत यह रही की वह बाद में वापस आ गए थे। हालांकि उन्होंने पहले पारी में 8 ओवर से भी कम ही फेंके थे। अब भारत सिराज के जल्द लौटने की उम्मीद कर रहा होगा क्योंकि दक्षिण अफ्रीका भारत को सस्ते में ढेर करने के बाद मजबूती से अपने पैर जमाता हुआ दिखाई दे रहा है।
टीम इंडिया को जहां पहले दिन कम से कम दो साउथ अफ्रीकी विकेट गिराने की दरकार थी तो वहीं केवल एक ही विकेट गिर पाया है क्योंकि प्रोटियाज कप्तान डीन एल्गर बहुत ही ठोस दिखाई दे रहे हैं और यह इस सीरीज में भारत के लिए अच्छा संकेत नहीं है। एल्गर ने बहुत भारतीय बॉलिंग के सामने खुद को मजबूत बल्लेबाज के तौर पर पेश किया है। हालांकि उनको बड़ा स्कोर करने का मौका नहीं मिला है।
अफ्रीका की पारी पहले दिन 1 विकेट पर 35 रनों के स्कोर पर समाप्त हुई है। एल्गर 11 और केगन पीटरसन 14 रन बनाकर क्रीज पर थे। युवा पीटरसन ने भी अभी तक शानदार बल्लेबाज होने की झलक दिखाई है।
इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों को पस्त करने में युवा अफ्रीकी बॉलर मार्को येन्सिन ने 17 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लिए। भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया था जो चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी बल्लेबाजों ने एक बार फिर विफल साबित कर दिया। विराट कोहली पीठ की जकड़न के चलते इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
