नई दिल्लीः भारत और श्रीलंका के बीच सीमित ओवरों की सीरीज शुरू कराने से पहले कई नाटकीय घटनाक्रम आए लेकिन राहत की बात है सीरीज साफ-सुथरे तरीके से सम्पन्न होने के प्लेटफॉर्म पर आ चुकी है। दोनों टीमें तैयार हैं और अब आईसीसी ने भी मैच रेफरी व अंपायरों के पैनल की घोषणा कर दी है।
आईसीसी, एलीट पैनल अंपायर, कुमार धर्मसेना और मैच रेफरी रंजन मदुगले को श्रीलंका के आगामी भारत दौरे के लिए मैच अधिकारियों के रूप में नामित किया गया है। पिछले सप्ताह श्रृंखला को फिर से शेड्यूल किया गया था जिसके बाद यह दौरा 18 जुलाई से शुरू होगा जिसमें तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 मैच होंगे।
आईसीसी अंतरराष्ट्रीय पैनल के अंपायर रुचिरा पल्लियागुरुगे, रवींद्र विमलसिरी, लिंडन हैनिबल और प्रगीत रामबुकवेला को भी आगामी श्रृंखला के लिए नामित किया गया है।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने एक बयान में कहा, "इन अधिकारियों को श्रीलंका 2021 के भारत दौरे की वनडे और टी20 सीरीज के दौरान अंपायरिंग के लिए नियुक्त किया गया है।"
तीन वनडे 18, 20 और 23 जुलाई को खेले जाएंगे। तीन टी20 मैच 25, 27 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे। धवन जहां टीम के कप्तान होंगे तो वहीं भुवनेश्वर कुमार को उप-कप्तान बनाया गया है और पूर्व कप्तान द्रविड़ कोचिंग देंगे।
इस बीच, श्रीलंका के क्रिकेटर रविवार शाम को अनिवार्य आइसोलेशन से बाहर आ गए और उन सभी ने अपने आरटी-पीसीआर कराए जो जाहिर तौर पर नेगेटिव निकले। ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभी केवल खिलाड़ियों को आइसोलेशन से बाहर आने की अनुमति होगी, जबकि कोच और सपोर्ट स्टाफ के अन्य सदस्य बुधवार तक आइसोलेशन में रहेंगे।
खिलाड़ियों के मंगलवार तक प्रशिक्षण सत्र शुरू होने की संभावना है और यह भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए अच्छा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीलंका खेतारामा स्टेडियम की फैसिलिटी का उपयोग करेगा, जबकि भारतीय टीम सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) में ट्रेनिंग लेगी।