नई दिल्लीः श्रीलंका के डेटा विश्लेषक जीटी निरोशन भी भारत के खिलाफ घरेलू सफेद गेंद सीरीज से पहले COVID-19 की चपेट में आ गए हैं। बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर के पहले से ही पॉजिटिव होने के बाद श्रीलंकाई खेमे में यह COVID-19 का दूसरा मामला है। श्रीलंका टीम इंग्लैंड से आई थी, जहां उन्होंने तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। हाल ही में इंग्लैंड की टीम के 7 सदस्य को भी कोरोना हो गया था जिसके बाद अब पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी ही इंग्लिश टीम खेल रही है।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने एक बयान में कहा, "श्रीलंका राष्ट्रीय टीम के डेटा विश्लेषक, जी.टी. निरोशन ने कोविड 19 के लिए पॉजिटिव टेस्ट हासिल किया है। निरोशन अब उचित चिकित्सा प्रोटोकॉल से गुजर रहे हैं।"
ग्रांट फ्लावर की कोविड पॉजिटिव के रूप में पहचान के बाद, राष्ट्रीय खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ के बीच पीसीआर टेस्ट कराया गया था।
वैसे तो यह बात भारत-श्रीलंका सीरीज के लिए खतरा होनी चाहिए लेकिन बताया गया है कि मेजबान टीम के सभी खिलाड़ी कोविड नेगेटिव पाए गए हैं जो कि सीरीज का चालू रखने के लिए अच्छी बात है।
ऑलराउंडर दासुन शनाका को श्रीलंका की टीम के कप्तान के रूप में कुसल परेरा की जगह लेने की संभावना है। अगर ऐसा हुआ तो 29 साल का यह विस्फोटक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज चार साल से भी कम समय में श्रीलंका का छठा कप्तान बन जाएगा।
दिनेश चांदीमल, एंजेलो मैथ्यूज, लसिथ मलिंगा, दिमुथ करुणारत्ने और परेरा ने 2018 की शुरुआत से किसी ना किसी समय टीम की कप्तानी की थी।
भारत और श्रीलंका को कोलंबो में तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई को पहले वनडे से होगी।