पोर्ट ऑफ स्पेन। भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने रविवार को पोर्ट ऑफ स्पेन के मैदान पर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज की गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए और 310 रनों के विशाल स्कोर खड़ा कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया। वनडे इंटरनेशनल में भारत ने अब तक 96 बार 300 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है और इस मामले में अब वह नंबर वन हो गया है।
ओपनर आजिंक्य रहाणे ने 104 गेंदों पर 103 रन बनाकर शतक ठोका। वहीं विराट कोहली और शिखर धवन ने धुआंधार पारी खेलकर अर्द्धशतक लगाया। कोहली ने 66 गेंदों पर 87 रन बनाया जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। धवन ने 59 गेंदों पर 63 रन बनाया। बारिश की वजह से मैच 43 ओवर का किया गया जिसमें भारत ने 5 विकेट खोकर 310 रन बना लिए और वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर लिया।
भारत 300 से ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया से आगे निकल गया है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक वनडे इंटरेशनल मैचों में 95 बार 300 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। भारत अब 96 बार ऐसा कमाल दिखा चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने 77, पाकिस्तान ने 68, श्रीलंका ने 62, इंग्लैंड ने 57 और न्यूजीलैंड ने 51 बार 300 से ज्यादा स्कोर बनाया है।