गाले। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। श्रीलंका की पूरी टीम को भारतीय फिरकी गेंदबाजों ने 367 रनों पर ऑआउट कर दिया है। वहीं भारत को मैच जीतने के लिए दूसरी पारी में 176 रन बनाने का लक्ष्य मिला है।
दूसरी पारी में भारत ने एक विकेट खोकर 23 रन बनाये। जबकि लोकेश राहुल महज 5 रन बनाकर आउट हो गये। शिखर धवन 13 और इशांत शर्मा 5 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
श्रीलंका की दूसरी पारी में दिनेश चांदीमल ने नाबाद 162 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 19 चौके और 4 छक्के लगाये। वहीं भारत की तरफ से स्पिन गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का मुजायरा करते हुए लंकन टीम के 7 विकेट लेने में सफलता पायी।
अश्विन ने 28.2 ओवर में 114 रन देकर चार विकेट झटके। जबकि अमित मिश्रा ने 17 ओवर में 61 रन देकर 3 विकेट लिये। हरभजन, वरुण एरॉन और इशांत शर्मा को एक-एक विकेट हासिल हुए।
इससे पहले पहली इनिंग में श्रीलंका की टीम महज 183 रनों पर आउट हो गयी थी। जबकि भारतीय टीम ने पहली पारी में 375 रनों बनाये। पहली पारी में धवन और कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया।