नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) अब आप भारत-पाकिस्तान के बीच टेस्ट और वन डे क्रिकेट का मजा लेने के लिए तैयार हो जाइये। पर मैच भारत में या फिर किसी तटस्थ जगह पर होंगे।
कोशिशें तेज
दोनों देश के क्रिकेट बोर्ड इस तरफ कोशिशें कर रहे हैं। इस लिहाज से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख शहरयार खान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव अनुराग ठाकुर के बीच बात हुई।
पटौदी के भाई
बता दें कि शहरयार खान और भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान मंसूर अली खान पटौदी मौसेरे भाई हैं। इन दोनों की मां बहनें थीं। भारतीय बोर्ड के सूत्रों ने बताया कि दोनों बोर्डों के बीच हुई बातचीत को भारत सरकार का आर्शीवाद हासिल है। भारत सरकार भी चाहती है कि दोनों देशों को क्रिकेट के मैदान में खेलना चाहिए। हालांकि खान ने कहा कि चूंकि वे दिल्ली आए थे तो वे ठाकुर से भी मिल लिए। पर बात सिर्फ इतनी ही नहीं है। बातचीत के पीछे मकसद यह भी होगा ताकि दोनों देश फिर खेलें।
राजी हुआ तब
हालांकि जानकारों का कहना है कि अगर भारत पाकिस्तान के साथ खेलने के लिए राजी भी हुआ तो मैच भारत में ही होंगे। किसी तटस्थ सेंटर पर दोनों देश भिड़ सकते हैं। भारत का पाकिस्तान में खेलना तो फिलहाल मुमकिन नहीं लगता क्योंकि वहां पर खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सरकार कोई समझौता नहीं करना चाहेगी।
पाक में हमला
बता दें कि पाकिस्तान में साल 2009 के बाद से किसी टेस्ट टीम ने दौरा नहीं किया है। वहां पर तब श्रीलंका टीम पर हमला हुआ था।