नई दिल्ली। क्रिकेट की बात आते ही सचिन तेंदुलकर, धोनी या विराट कोहली सहित सैकड़ों क्रिकेटर का नाम आप एक सांस में गिना देंगे। लेकिन अगर आपसे महिला क्रिकेटर का नाम पूछा जाए तो बड़ी मुश्किल से आप एकाध नाम गिना पाएं। इसीलिए ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश क्रिकेट लीग और महिला क्रिकेट सुपर लीग लंदन की तरह भारत में पहली महिला क्रिकेट लीग को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर लांच हो रहा है। यह क्रिकेट लीग महिला क्रिकेट और महिला क्रिकेटरों को देश में समान अवसर देने और पुरुष क्रिकेटरों के समकक्ष लाने का प्रयास है।
इससे भारत में महिला क्रिकेट में ज्यादा दिलचस्पी आएगी क्योंकि अब तक पुरुष क्रिकेट के मुकाबले इसे कम महत्व दिया गया है। द्रोणाचार्य अवार्डी महिला क्रिकेट कोच सुनीता शर्मा ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के गठन को तीन दशक से ज्यादा समय बीत चुका है। इस टीम ने दुनिया भर में मैच जीते, लेकिन फिर भी भारत में पुरुष क्रिकेटरों को जितनी पहचान है उसके मुकाबले महिला क्रिकटरों की शायद ही कोई पहचान है।