नई दिल्ली। पिछले कुछ सालों से टेस्ट क्रिकेट में लगातार अपनी धाक जमाने वाली भारतीय टीम इस समय कंगारू टीम के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेलने ऑस्ट्रेलिया पहुंची। आईसीसी की विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत होने वाली यह सीरीज भारत के लिये काफी जरूरी है क्योंकि विराट सेना के पास इसके तहत सिर्फ 2 ही सीरीज खेलना बाकी रह गया है और अगर उसे इस चैम्पियनशिप के फाइनल को खेलना है तो अंक तालिका में अपने पहले स्थान को बरकरार रखने के लिये सब कुछ करना होगा। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद इंग्लैंड की टीम को भारत दौरे पर तीनों प्रारूप में द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने आना है।
इसको लेकर हालांकि बीसीसीआई और ईसीबी ने अभी तक शेड्यूल जारी नहीं किया है। हाल ही में दोनों बोर्ड के बीच इस मुद्दे को लेकर बातचीत होनी थी, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच होने वाली सीरीज का शेड्यूल तो जारी किया गया है लेकिन वह इस टेस्ट चैम्पियनशिप का नहीं है।
और पढ़ें: अजीत अगरकर बोले- IPL 2021 में इन दो टीमों को अलग रास्ता बनाना होगा
दरअसल दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई बातचीत में फरवरी-मार्च में होने वाली इस सीरीज पर फैसला नहीं हो सका और इसे आने वाले समय की परिस्थितियों के आधार पर अभी बातचीत के लिये खुला छोड़ा गया है। हालांकि बीसीसीआई और ईसीबी के बीच अगले साल अगस्त-सितंबर के दौरान 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आयोजन करने का फैसला किया गया है जिसके तहत भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी।
इस दौरे पर भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच खेले जायेंगे जिसका पहला मैच ट्रेंट ब्रिज में 4 से 8 अगस्त के बीच खेला जायेगा तो वहीं दूसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स के मैदान पर 12-16 अगस्त के बीच। टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर 25-29 अगस्त, चौथा टेस्ट मैच 2 से 6 सितंबर के बीच ओवल के मैदान पर और आखिरी टेस्ट मैच ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर 10 से 14 सितंबर के बीच खेला जायेगा।
और पढ़ें: बिग बैश लीग में लागू होंगे क्रिकेट के यह 3 नये नियम, बदल देंगे क्रिकेट का चेहरा
उल्लेखनीय है कि इस सीरीज के दौरान दोनों टीमों के बीच एक पिंक बॉल टेस्ट मैच भी खेला जायेगा, जिसको लेकर अभी फैसला नहीं किया गया है कि वह किस मैदान पर खेला जायेगा। गौरतलब है कि भारत ने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला पिंक बॉल टेस्ट मैच खेला था जिसके बाद अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर सीरीज के ओपनिंग मैच के तहत एडिलेड में भी इसी प्रारूप का दूसरा मैच खेलेगी।