IND vs SA: राहुल द्रविड़ के चलते खत्म हो जायेगा कोहली के शतकों का सूखा, पूर्व चयनकर्ता ने बताया कैसे
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि भारतीय टीम के नये हेड कोच राहुल द्रविड़ की वजह से 2 साल से चला आ रहा कप्तान विराट कोहली के शतकों का सूखा खत्म हो सकता है। इंडिया न्यूज से बात करते हुए सबा करीम ने भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज पर बात की और कप्तान विराट कोहली एवं हेड कोच राहुल द्रविड़ के सामने टेस्ट सीरीज में आने वाली चुनौतियों के बारे में बताया। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम 3 मैचों की टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने पहुंची है, जिसका पहला मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्टपार्क में 26 दिसंबर से बॉक्सिंग डे टेस्ट के रूप में खेला जायेगा।
और पढ़ें: IND vs SA: जब 458 रन बनाने के बाद भी भारत हारने वाला था मैच, इतिहास रचने से चूका था साउथ अफ्रीका
विराट कोहली ने आखिरी बार 2019 में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गये पिंक बॉल टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेली थी जिसके बाद से उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकल सका है। सबा करीम का मानना है कि कोच राहुल द्रविड़ का बल्लेबाजी में विशाल अनुभव उनके शतकों के सूखे को खत्म कर सकता है और दोबारा उनकी उस फॉर्म को वापस ला सकता है जिसमें वो रनों की बरसात किया करते थे।

कोहली के सामने है कई मुश्किल चुनौतियां
सबा करीम ने इस दौरान राहुल द्रविड़ पर बात करते हुए कहा कि वो ड्रेसिंग रूम के अंदर और बाहर दोनों जगह कड़ी चुनौतियों का सामना करने वाले है। इस दौरान उन्होंने कोहली की चुनौतियों के बारे में भी बात की।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली के लिये साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर कड़ी चुनौती मिलने वाली है, जिसके बारे में वो अच्छे से जानते हैं। उन्हें यह पता है कि पिछले एक-दो सालों से न सिर्फ उनकी बल्कि भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है और विकेट के बीच साझेदारियां देखने को नहीं मिली है। अगर अफ्रीका में भारत को जीत के बारे में सोचना भी है तो उसे साझेदारियां करनी होगी।'

अपनी कमजोरी जानते हैं कोहली
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली अपने टेस्ट करियर में तीसरी बार साउथ अफ्रीका के दौरे पर जा रहे हैं, जहां पर वो अब तक 55.80 की औसत से 558 रन बना चुके हैं। इस दौरान कोहली के बल्ले से दो शतक और दो अर्धशतक आ चुके हैं।
करीम ने आगे बात करते हुए कहा,'कोहली अच्छे से जानते हैं कि उन्हें नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिये आना है, अगर उनका बल्ला रन उगलता है तो वो बड़ी पारियां खेलेंगे और जो खिलाड़ी उनके आस-पास रन नहीं बना पा रहे हैं उनके बल्ले से भी रनों का योगदान आना शुरु हो जायेगा। यही वजह है कि मुझे लगता है कि उनकी तैयारियां परफेक्ट होनी चाहिये और वो इसको लेकर नेटस पर भी काफी वक्त बिता रहे हैं।'

द्रविड़ के चलते फॉर्म में लौटेंगे कोहली
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने राहुल द्रविड़ की तारीफ करते हुए बताया कि कैसे वो कोहली को उनकी पुरानी फॉर्म हासिल करने में मदद कर सकते हैं और कैसे द्रविड़ का हेड कोच के तौर पर टीम के साथ जुड़ना कोहली के करियर के लिये फायदेमंद साबित होगा।
उन्होंने कहा,'राहुल द्रविड़ के साथ होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वो विराट को बता सकते हैं कि गेंदबाज कैसे उन्हें अपना निशाना बना रहे हैं और क्या सोच रह हैं। आप कोच के तौर पर बाहर बैठकर इन सब चीजों पर ध्यान रखते हैं और जब खिलाड़ी आता है तो उसके साथ चीजें शेयर करते हैं। राहुल द्रविड़ के पास जिस तरह का अनुभव है वह कोहली को अच्छे से बता सकते हैं कि क्या करने की जरूरत है और क्या करने से बचना चाहिये। जब कोई खिलाड़ी कोहली के स्तर पर पहुंचता है तो उसके सामने कई नये सवाल आते हैं जिसका उसे जवाब ढूंढना पड़ता है। ऐसे में राहुल द्रविड़ उन जवाबों को ढूंढने में कोहली की मदद कर सकते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications