Ind vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को 190 रन से दी करारी शिकस्त, सीरीज पर 3-2 से किया कब्जा
विशाखापट्टनम। पांचवें और आखिरी वनडे में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 190 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज पर 3-2 से कब्जा कर लिया। भारत की ओर से मिले 270 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। भारतीय गेंदबाजों के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और 79 रनों में पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
उमेश यादव ने पहले ही ओवर की चौथी बॉल में गुप्टिल (0) को पवेलियन भेजा। जबकि बुमराह ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर लेथम (19) को उमेश यादव के हाथों कैच कराया। इसके बाद 15वें ओवर में कप्तान विलियमसन 27 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर चलते बने। उसके बाद 16वें ओवर में रॉस टेलर (19) और वाटलिंग (0) अमित मिश्रा की गेंद पर आउट हुए।
19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जयंत यादव ने एंडरसन शून्य पर आउट किया। इसके बाद 20वें ओवर में पहली गेंद पर अमित मिश्रा ने नीशाम (3) को आउट किया और पांचवीं गेंद पर साउथी (0) को चलता किया। 20 ओवरों की समाप्ति पर न्यूजीलैंड का स्कोर 8 विकेट पर 74 रन था। 22वें ओवर की चौथी गेंद पर अमित मिश्रा ने सोढ़ी को शून्य पर आउट किया। 24वें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल ने सैंटनर को चार रन के निजी स्कोर पर आउट कर आखिरी विकेट चटकाया।
मिश्रा के नाम रहा मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड
अमित मिश्रा को आखिरी वनडे में शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मिश्रा ने इस मैच में पांच विकेट लिए। जबकि पूरी सीरीज में 15 विकेट लेकर वह मैन ऑफ द सीरीज भी चुने गए।
रोहित-कोहली का शानदार अर्धशतक
भारतीय टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 70 रनों की पारी खेली। इसके बाद उपकप्तान विराट कोहली 65 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 41 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। भारत का पहला विकेट अजिंक्य रहाणे के रुप में गिरा। रहाणे 20 बनाकर आउट हुए।
धोनी और कोहली के आउट होने के बाद आखिरी ओवरों में केदार जाधव और अक्षर पटेल ने तेज बैटिंग करते हुए टीम का स्कोर 269 रन पहुंचाया।
आखिरी ओवरों में जाधव-पटेल ने खेली तेज पारी
अक्षर पटेल 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। वहीं केदार जाधव ने 37 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली और नाबाद लौटे।
उनके साथ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे जयंत यादव एक रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से मनीष पांडे खाता भी नहीं खोल सके।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
