बेंगलुरू। भारत और अफगानिस्तान के बीच बेंगलुरू में खेले गए ऐतिहासिक टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहली बार दूसरे दिन ही टेस्ट मैच जीत लिया। अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को भारत के हाथों पारी और 262 रनों से हार मिली है। अफगानिस्तान की टीम दो दिन से ज्यादा खेल के सबसे लंबे प्रारूप में टिक नहीं सकी और दूसरे दिन शुक्रवार को ही अपनी दोनों पारियों में ऑल आउट हो गई। भारत ने पहली पारी में शिखर धवन (107), मुरली विजय (105), हार्दिक पांड्या (71) और लोकेश राहुल (54) की बेहतरीन पारियों के दम पर 474 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिसके बाद अफगानिस्तान को दूसरे दिन के दूसरे सत्र में अपनी पहली पारी खेलने का मौका मिला, जिसमें वह 27.5 ओवरों में महज 109 रनों पर ढेर हो गई।
जिसके बाद दूसरी पारी खेलने उतरी अफगानिस्तान के बल्लेबाज एक बार फिर टेस्ट की नंबर-1 टीम भारत के गेंदबाजों के सामने 38.4 ओवरों में 103 रनों पर ही ढेर हो गए और इस तरह अफगानिस्तान को अपने पदार्पण टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि उसके बाद मैदान पर जो हुआ उसने सभी का दिल जीत लिया। इस मैच में भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने इस काम से सभी का दिल जीत लिया।
दरअसल जब भारतीय टीम ट्रॉफी के साथ जश्न मना रही थी तभी रहाणे ने अफगान प्लेयर्स को भी साथ में बुला लिया और ट्रॉफी को आगे रखकर पूरी भारतीय टीम ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ फोटो क्लिक कराए। रहाणे व टीम इंडिया के इस काम की हर कोई तारीफ कर रहा है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
What a brilliant gesture from #TeamIndia to ask @ACBofficials players to pose with them with the Trophy. This has been more than just another Test match #SpiritofCricket #TheHistoricFirst #INDvAFG @Paytm pic.twitter.com/TxyEGVBOU8
— BCCI (@BCCI) June 15, 2018