नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ने 6 विकेट से जीत लिया है। कप्तान विराट कोहली के शानदार शतक और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाबाद अर्धशतक ने इस जीत में अहम भूमिका अदा की। इस मैच के साथ ही तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई है। विराट कोहली को शतकीय पारी केलिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। ऑस्ट्रेलिया ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 50 ओवर में 298 रन बनाकर भारत को जीत के लिए 299 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत के लिए इस जीत की आधारशिला कप्तान कोहली (104) के 39वां अंतरराष्ट्रीय वनडे शतक ने रखी। हालांकि वह शतक बनाते ही आउट हो गए लेकिन उसके बाद धोनी ने अच्छी फिनिशिंग पारी खेलते हुए भारत को जीत दिला दी। धोनी ने 55 रनों की नाबाद पारी खेली। धोनी के अलावा कार्तिक ने भी 14 गेंदों में 25 रनों की अच्छी नाबाद पारी खेली।
इससे पहले रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भारत को तेज शुरुआत देने की कोशिश की। हालांकि इसी तेजी के प्रयास में शिखर धवन के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वे 32 रन बनाकर बेहरेनडार्फ का शिकार बने। भारत को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा जो सेट होने के बाद आउट हो गए। वे अच्छी शुरुआत करने के बाद 43 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद अंबाती रायडू और विराट कोहली के बीच मजबूत साझेदारी पनपती दिखाई दी। लेकिन इस दौरान अंबाती असहज ही ज्यादा नजर आए। अततः उनकी 24 रनों की पारी का अंत मैक्सवेल ने स्टोईनिस के हाथों कैच आउट कराकर किया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले कंगारू कप्तान एरोन फिंच एक बार से अपनी खराब फार्म से जूझते नजर आए। उनको 6 रनों के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर कुमार ने चलता किया। जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज एलेक्स कैरी भी कुछ खास नहीं कर पाए। वे 18 रन बनाकर शमी का शिकार बने। कंगारूओं की ओर से शॉन मार्श ने जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने 123 गेंदों में 131 रन बनाए। जबकि उनको स्लॉग ओवर्स में ग्लेन मैक्सवेल का अच्छा साथ मिला। उन्होंने 37 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली। मैच में अंतिम समय पर भारतीय गेंदबाजों ने कुछ विकेट जल्दी निकालकर कंगारूओं को 300 रन बनाने से रोक दिया। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में केवल 45 रन खर्च किए और 4 विकेट लिए।
बता दें कि कंगारूओं ने 10 ओवरों के अंदर ही अपने दोनों ओपनर्स का विकेट गंवा दिया था। उसके बाद उस्मान ख्वाजा और शॉन मार्श ने एक अच्छी साझेदारी करने की कोशिश की लेकिन वे 21 रनों के स्कोर पर रन आउट हो गए। शॉन मार्श का साथ देने आए पीटर हैंड्सकांब को भी रविंद्र जडेजा ने 20 रनों के स्कोर पर चलता कर दिया। उसके बाद मार्श ने मोर्चा संभालते हुए जबरदस्त शतक लगाया है। उन्होंने 108 गेंदों में ये शतक बनाया। ये उनके करियर का 7वां शतक था। जबकि भारत के खिलाफ यह दूसरा शतक रहा।
इससे पहले टीम इंडिया ने तेज गेंदबाज खलील की जगह पर मोहम्मद सिराज को मौका दिया। इसके अलावा पूरी भारतीय टीम वही थी जो पहले मैच में खेली थी। जबकि कंगारू कप्तान एरोन फिंच ने वही टीम उतारी जो पहले मैच की विजेता रही थी। इस मैच में दोनों ही टीमों के लिए एडिलेड की गर्मी भी अपने आप में एक चुनौती बनी रही। एडिलेड में 40 डिग्री तक अधिकतम तापमान के कारण दोनों ही टीमों के लिए अतिरिक्त ड्रिंक ब्रैक रखने का फैसला किया गया। अब सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 18 जनवरी को मेलबर्न में खेला जाएगा।