
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने दो मैचों की टी-20 में भारत को 2-0 से हराकर क्लीन स्वीप कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया की इस जीत के हीरो एक बार फिर से तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल रहे हैं। उन्होंने पहले मैच में अर्धशतक बनाने के बाद इस मैच में जबरदस्त शतक बनाकर भारत के दिए 192 रनों के लक्ष्य को बौना साबित कर दिया।
मैक्सवेल ने 55 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी आतिशी पारी में 7 चौके और 9 छक्के लगाए। मैक्सवेल को इस दौरान डी आर्ची शार्ट (40) और हैंड्सकांब (20) का भी अच्छा साथ मिला। इससे पहले शुरू में कंगारू पारी बहुत खास नहीं रही और स्टॉईनिस (7) के अलावा कंगारू कप्तान फिंच (8) भी सस्ते में आउट हो गए। लेकिन उसके बाद मैक्सवेल और डी आर्ची शॉर्ट ने मोर्चा संभाल लिया। 95 रनों के स्कोर पर भारत ने आर्ची शॉर्ट का विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश तो की लेकिन मैक्सवेल नाम की दीवार एक बार फिर से भारत की जीत के आड़े आ गई। मैक्सवेल ने अर्धशतक जमाने के बाद बेहद ही आक्रामक अंदाज दिखाते हुए चौके-छक्कों की बरसात कर दी।
मैच में कंगारू कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। भारत ने 20 ओवर में 190 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया था। लोकेश राहुल ने अपनी पारी वहीं से शुरु से जहां से उन्होंने विशाखापत्तनम में खत्म की थी। लेकिन वे इस बार भी शानदार बल्लेबाजी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। आउट होने से पहले राहुल ने 47 रन बनाए। जिसमें चार दर्शनीय छक्के शामिल थे। राहुल के अलावा भारतीय पारी का खास आकर्षण रही कप्तान विराट कोहली (नाबाद 72 रन) और धोनी (40) की शानदार पारियां।
कोहली खासकर बेहद ही विध्वंसक अंदाज में कंगारूओं की बखिया उधेड़ते गए। उन्होंने अपनी 38 गेंदों की पारी में 6 छ्क्के लगाए। इसके अलावा धोनी भी चिर-परिचित फिनिशर के अंदाज में खेलते हुए 23 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्के लगाकर आउट हुए।