नई दिल्लीः भारत और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच डे नाइट प्रैक्टिस गेम सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में चल रहा है और ऐसा लगता है शुबमन गिल रंग में आने लगे हैं। इससे पहले के टूर मैचे के दौरान जीरो पर आउट होने वाले गिल ने गुलाबी गेंद के साथ अलग छटा छोड़ी है।
इस लो स्कोरिंग मुकाबले में भारत की पहली पारी 194 पर सिमट गई थी लेकिन गिल ने तब भी बल्लेबाजों में सर्वाधिक स्कोर 43 बनाया था। बुमराह ने अर्धशतक लगाया लेकिन वह अप्रत्याशित था और एक गेंदबाज की मुख्य भूमिका उनकी इस मैच में है।
इतना ही नहीं शुबमन गिल दूसरी पारी में भी बढ़िया दिखे और उन्होंने 78 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली। गिल के अलावा मयंक अग्रवाल भी सॉलिड लग रहे थे और खबर लिखे जाने तक 60 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले भारत ने इस मैच में तेज गेंदबाजी का अच्छा प्रदर्शन पेश करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की पहली पारी को 108 रनों पर ही समेट दिया था। इस दौरान मोहम्मद शमी और नवदीप सैनी को 3 विकेट मिले जबकि जसप्रीत बुमराह को 2 विकेट मिले। एक विकेट मोहम्मद सिराज के भी नाम रहा। यह पूरी तरह से पेस अटैक मुकाबला साबित हुआ।
भारत के नजरिए से अच्छी बात यह है कि पहले टेस्ट मैच के लिए उसकी तीनों ओपनिंग संभावित बल्लेबाजों को कुछ ना कुछ करने का मौका मिले। पृथ्वी शॉ ने पहली पारी में 40 तेज रनों का योगदान दिया था लेकिन दूसरी पारी में वे 3 ही रन बना सके। जो बात उनके पक्ष में नहीं गई वो यह है कि वे दोनों पारियों में सिर्फ 47 ही गेंद खेल पाए।
मयंक अग्रवाल ने पहली पारी में केवल 2 रनों का योगदान दिया था लेकिन दूसरी पारी में वे ठोस अर्धशतक के साथ लौटे। देखा जाए तो गिल एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने दोनों पारियों में स्थिरता दिखाई।