India won Boxing Day Test नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम ने एडिलेड की शर्मनाक हार से अपना पीछा छुड़ाते हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच को जीत लिया है। भारत ने अंजिक्य रहाणे की कमान में मेलबर्न के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड में यह मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया है।
सीरीज के पहले गुलाबी गेंद टेस्ट की दूसरी पारी में 36 रनों पर ऑल-आउट होने वाली टीम इंडिया ने चार मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। यह भारत के साथ-साथ अजिंक्य रहाणे के लिए भी बहुत बड़ी उपलब्धि है जिन्होंने विराट कोहली की अनुपस्थिति में ना केवल कमान संभाली बल्कि एक अनुभवी बल्लेबाज के तौर पर आगे बढ़कर प्रदर्शन किया।
रहाणे कप्तान और बल्लेबाजी दोनों में खास साबित हुए। पहली पारी में उनकी खेली गई 112 रनों की पारी मैच में निर्णायक साबित हुई और इसने भारत के पक्ष में जो लय बनाई वह आखिर तक बरकरार रही। भारत ने उसके बाद ना केवल ऑस्ट्रेलिया को 200 रनों पर सीमित किया बल्कि दूसरी पारी में जिस तरह से शुभमन गिल और कप्तान अंजिक्य रहाणे ने जिस तरह से पॉजिटिव होकर बैटिंग की वह काबिलेतारीफ थी।
भारत ने 70 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मयंक अग्रवाल को 5 रनों के स्कोर पर गंवा दिया। मयंक इस सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाएं हैं और वे पुजारा के साथ भारतीय टीम की बैटिंग चिंता हैं। इस बार अग्रवाल ने स्टॉर्क की गेंद पर मोटा किनारा लिया और विकेट के पीछे पेन ने कोई गलती नहीं की। इसके बाद पुजारा भी तीन रनों के निजी स्कोर पर कमिंस के हाथों चलते बने।
यहां से शुभमन गिल और रहाणे ने करारे शॉट्स लगाते हुए भारत को तेजी से लक्ष्य की और पहुंचाना शुरू कर दिया और 15.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। गिल ने 36 गेंदों पर 7 चौके लगाते हुए नाबाद 35 रन बनाए। जबकि रहाणे ने 40 गेंदों पर 3 चौके लगाते हुए 27 रन बनाए।