India Vs Australia: भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में कंगारू गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर से बेहतरीन गेंदबाजी की। मिचेल स्टार्क ने भारत के खिलाफ पहली इनिंग में मयंक अग्रवाल और रिषभ पंत को पवेलियन भेजा। इन दो विकेट के साथ ही स्टार्क ने अपने नाम कई बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज किए हैं। मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के दूसरे ऐसे बाएं हाथ के गेंदबाज हैं जिन्होंने टेस्ट करियर में 250 विकेट का कीर्तिमान अपने नाम किया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के बाए हाथ के गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने 313 टेस्ट विकेट अपने नाम किए हैं।
इसके अलावा मिचेल स्टार्क ने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे तेज 250 विकट लेने वाले स्टार्क पांचवे गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले डेनिस लिली के नाम सबसे तेज 55 टेस्ट मैच में 250 विकेट लेने का रिकॉर्ड था। वहीं शेन वॉर्न और ग्लेन मैकग्रा ने भी 55 टेस्ट मैच में 250 विकेट लेने का किर्तिमान अपने नाम दर्ज किया है। मिचेल जॉनसन के नाम 57 मैच में 250 विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड दर्ज है। जबकि स्टार्क ने 59वें मैच में 250 विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। इसके अलावा 250 टेस्ट विकेट लेने वाले स्टार्क 9वें ऑस्ट्रेलिाई गेंदबाज बन गए हैं।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों की बात करें तो मिचेल स्टार्क छठे ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने अपने नाम 250 टेस्ट विकेट किए हैं। बाए हाथ के तेज गेंदबाजों की बात करें को पाकिस्तान के वसीम अकरम के नाम सर्वाधिक टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड दर्ज है। वसीम अकरम ने 104 टेस्ट मैचों में 414 विकेट हासिल किए हैं। दूसरे पायदान पर चामिंडा वास हैं, उन्होंने 111 मचों में 355 विकेट, तीसरे पायदान पर मिचेल जॉनसन हैं, उनके नाम 73 मैच में 313 विकेट, चौथे पायदान पर जहीर खान, उनके नाम 92 मैच में 311 विकेट और पांचवे पायदान पर ट्रेंट बोल्ट हैं, जिनके नाम 70 मैच में 272 विकेट हैं।
स्टार्क की बेहतरीन गेंदबाजी और जबरदस्त कीर्तिमान के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी मुरीद हो गए और उन्होंने ट्वीट करके स्टार्क की तारीफ की। सचिन ने ट्वीट कर लिखा, स्टार्क की रिस्ट पोजीशन और गेंद की शेप जबरदस्त है, इसे काफी समय से नहीं देखा गया। जिस तरह से वह गेंद को वापस खींचने की काबिलियत रखते हैं, वह उन्हें बेहद घातक गेंदबाज बनाती है।