कॉमनवेल्थ गेम्स इंग्लैंड (सीजीई) के अध्यक्ष सर एंड्रयू फोस्टर ने कहा कि भारत में होने वाले इस आयोजन के लिए इंग्लैंड ने अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजने का फैसला किया है। फोस्टर के मुताबिक विदेश में होने वाले आयोजन में इंग्लैंड ने इससे बड़ा दल कभी नहीं भेजा।
राष्ट्रमंडल खेलों की आधिकारिक वेबसाइट 'सीडब्ल्यूजीदिल्ली2010 डॉट ओआरजी' ने फोस्टर के हवाले से लिखा है, "इंग्लैंड बड़ी शिद्दत से राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेना चाहता है। इसके लिए हम दिल्ली को सफलता दिलाने के लिए पुरजोर तरीके से काम कर रहे हैं। दिल्ली में हमारे 400 से अधिक एथलीट शिरकत करेंगे। इंग्लैंड के दल में 550 लोग शामिल होंगे।"
सीजीई ने अपने देश के सभी खेल संघों को इस बात के लिए सूचित करने का फैसला कर लिया है कि कोई भी संघ राष्ट्रमंडल खेलों की अनदेखी नहीं करे। इंग्लैंड के कई खेल संघों ने सुरक्षा कारणों से भारत आने को लेकर शंका जाहिर की थी। राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में होना है।
फोस्टर ने कहा कि बेंगलुरू में 17 अप्रैल को हुए बम धमाकों के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं लेकिन अब हालात सामान्य हैं। फोस्टर ने कहा, "हम लगातार सुरक्षा संबंधी हालात का जायजा ले रहे हैं। मुझे यकीन है कि हमारे एथलीट दिल्ली में सुरक्षित रहेंगे क्योंकि हाल में वहां हॉकी विश्व कप का आयोजन हुआ है और उसमें हमारी टीम ने भी हिस्सा लिया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।