India Vs Australia:ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। भारत के खिलाफ सीरीज में स्टीव स्मिथ जबरदस्त फॉर्म में हैं और लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में स्टीव स्मिथ दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट में स्मिथ बेहतरीन बल्लेबाजी करते आए हैं और उनके रिकॉर्ड इस बात की तस्दीक करते हैं। अक्सर स्टीव स्मिथ की तुलना ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन से की जाती है। हालांकि स्टीव स्मिथ वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज हैं, लेकिन पहले टेस्ट में उन्हें स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन के सामने काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा और इस बात को खुद स्मिथ ने स्वीकार किया है।
वनडे और टी-20 सीरीज में भारत के खिलाफ स्टीव स्मिथ ने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। ऐसे में उनसे उम्मीद की जा रही थी कि वह पहले टेस्ट में इसी फॉर्म को आगे बढ़ाएंगे। लेकिन पहले टेस्ट में स्मिथ सिर्फ 29 रन के स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। बता दें कि स्मिथ का टेस्ट क्रिकेट में औसत 62.31 का है। 74 टेस्ट मैच खेल चुके स्टीव स्मिथ ने इस बात को स्वीकार किया है कि अश्विन के सामने बल्लेबाजी में मुश्किल का सामना करना पड़ा था।
स्मिथ ने कहा कि मैंने गलती से अश्विन के उस गेंद पर बैट लगा दिया जो घूमी नहीं और दुर्भाग्य से ऐसा हो जाता है। सच कहूं तो मुझे लगता है कि वह गेंद काफी अच्छी थी। उस गेंद से पहले दो गेंदें कम घूमी थीं, लेकिन अगली गेंद स्किड स्पिन करके विकेट के बाहर को निकली। इस गेंद को जैसे खेलना चाहिए था, मैं वैसे नहीं खेल पाया। यह जबरदस्त गेंदबाजी थी। हालांकि स्मिथ ने कहा कि अगले मैच में वह अश्विन के खिलाफ अच्छा खेलेंगे और उम्मीद है कि वह बेहतर तरीके से अश्विन का सामना करेंगे।
स्टीव स्मिथ ने कहा कि भारत में खेलना और ऑस्ट्रेलिया में खेलना अलग है, भारत में जितनी गेंद घूमती है उतनी ऑस्ट्रेलिया में नहीं घूमती है। अश्विन काफी अच्छे गेंदबाज हैं, उन्होंने काफी क्रिकेट खेली है। वह वर्ल्ड क्लास परफॉर्मर हैं। मुझे पता है कि पिछले मैच में वह मुझसे बेहतर थे, उम्मीद है कि मैं आगे सीखूंगा और अच्छा करूंगा और अगली बार अश्विन को अच्छा खेलूंगा। बता दें कि पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया था। दूसरी इनिंग में भारत की पारी महज 36 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी।