India Vs Australia: टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने मौजूदा युवा खिलाड़ियों को लेकर चिंता जाहिर की है। जाफर ने कहा कि जिस तरह से युवा खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट को ज्यादा अहमियत नहीं दे रहे हैं, वह चिंता का विषय है। जाफर ने युवा खिलाड़ियों से अपील की है कि वह लंबे फॉर्मेट पर ज्यादा ध्यान दें। एक इंटरव्यू के दौरान जाफर ने कहा कि मैंने देखा है कि ज्यादातर युवा खिलाड़ी सफेद गेंद क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान देते हैं बजाए लाल गेंद के। यह चिंता का विषय है क्योंकि आखिर में आप महान खिलाड़ी तभी बन सकते हैं जब आप टेस्ट मैच में रन बनाते हैं।
बता दें कि वसीम जाफर ने भारत की ओर से 31 टेस्ट मैच खेले हैं और उनके नाम पांच टेस्ट शतक हैं, जबकि दो दोहरे शतक भी जाफर के नाम हैं। जाफर ने कहा कि आज के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी तीनों फॉर्मेट में बेहतर कर पाना है। आईपीएल में खेलना कतई गलत नहीं है, लेकिन आप लंबे फॉर्मेट को दरकिनार नहीं कर सकते हैं। बता दें कि जाफर ने रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ 314 रन की नाबाद पारी खेली थी। यह कारनामा उन्होंने सिर्फ 18 साल की उम्र में किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जाफर के नाम 260 मैचों में 19410 रन हैं।
गौरतलब है कि पहले टेस्ट की दूसरी पारी में पूरी भारतीय टीम महज 36 रन के स्कोर पर सिमट गई जोकि अपने आप में एक शर्मनाक रिकॉर्ड है। टीम का कोई भी खिलाड़ी दहाई के आंकड़ो को नहीं पार कर सका था। जिसकी वजह से भारतीय टीम को इस मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। चार टेस्ट मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम 1-0 से आगे हैं। ऐसे में बाकी के तीन टेस्ट मैच में भारतीय टीम को वापसी करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। बड़ी बात यह है कि बाकी के तीन टेस्ट मैचों के लिए कप्तान विराट कोहली मौजूद नहीं होंगे, वह अपने पहले बच्चे के जन्म से पहले भारत लौट आएंगे।